
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय संगठनात्मक बैठक का आज दूसरा और आखिरी दिन है। दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बैठक के उद्घाटन सत्र में पहुंचे थे। आज भी बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावों की रणनीति और पार्टी के भविष्य के रोडमैप पर चर्चा जारी रहेगी।
बैठक के दूसरे दिन भाजपा की रणनीति में 3S यानी संगठन, सरकार और सहयोगी के बीच बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा अहम मानी जा रही है। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर रहेगा।
2027 के चुनावों को लेकर तैयारी
भाजपा की इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर समेत चुनावी राज्यों में पार्टी की तैयारियों पर चर्चा हो रही है। इन राज्यों में संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के बीच पार्टी की पहुंच का आकलन किया जा सकता है।
बैठक में पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में चल रही इस कार्यशाला में संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय को बेहतर बनाने पर भी जोर है।
सरकार की योजनाएं और सहयोगी दल भी एजेंडे में
3S रणनीति के तहत सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने, योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लेने और जनता के मुद्दों को संगठन के माध्यम से नेतृत्व तक पहुंचाने पर चर्चा हो सकती है।
वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों के साथ समन्वय भी राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा है। आगामी चुनावों में गठबंधन की एकजुटता और साझा रणनीति को लेकर भाजपा का नेतृत्व मंथन कर सकता है।
नई टीम के साथ पीएम मोदी की अहम बैठक
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक है। पार्टी नेतृत्व इस कार्यशाला के जरिए संगठन को आगामी चुनावों के लिए तैयार करने और राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में रणनीति तय कर रहा है।
आज बैठक के समापन सत्र में संगठनात्मक चर्चा और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर दिशा तय होने की उम्मीद है।
