इंदौर। शहर के प्रतिष्ठित शासकीय मल्हार आश्रम स्कूल में सुपर-100 के विद्यार्थियों और प्राचार्य के बीच विवाद गहरा गया है। हॉस्टल में गंदे पानी, चोक शौचालय, खराब पंखे और जर्जर भवन की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर करना छात्रों को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज प्राचार्य देवेंद्र रामिश ने विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने और वार्षिक परीक्षा में फेल करने की धमकी दी।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें प्राचार्य एक विद्यार्थी से सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने को लेकर सवाल-जवाब करते नजर आ रहे हैं। विद्यार्थी खराब पंखे की समस्या बताते हुए कहता है कि कई बार शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हुआ। इस पर प्राचार्य कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि अब वे भी बिना बताए कार्रवाई करेंगे। वीडियो में प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने और परीक्षा में फेल करने की बात भी सामने आई है।
सुपर-100 योजना के तहत IIT-JEE की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। समस्याएं दूर करने के बजाय शिकायत करने वाले छात्रों को डराया जा रहा है। उन्होंने प्राचार्य के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, प्राचार्य देवेंद्र रामिश ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों से चर्चा कर रहे थे और सभी से माफी भी मांग चुके हैं।
इस मामले में एसडीम निधि वर्मा ने स्कूल पहुंचकर बच्चों से बात की और पूरे स्कूल और हॉस्टल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
मामले में कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए प्राचार्य को निलंबित करने का प्रस्ताव भेजने की बात कही है।
