सतना : जिले में अनुकंपा नियुक्तियों में शासन के नियमों को दरकिनार कर पूर्ण वेतनमान का लाभ देने और सरकारी खजाने को वित्तीय क्षति पहुंचाने के मामले में संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग ने कार्रवाई की है.संयुक्त संचालक ने डीईओ कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 एवं तत्कालीन अनुकंपा नियुक्ति कक्ष प्रभारी लिपिक हरीश सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
बता दे कि रघुराजनगर तहसील के ग्राम बाबूपुर निवासी राजकुमार सिंह ने 4 नवंबर 2026 को संयुक्त संचालक कार्यालय में एक शिकायती पत्र प्रस्तुत किया था. शिकायत में बताया गया था कि सामान्य प्रशासन विभाग के 12 दिसंबर 2019 के परिपत्र के अनुसार, चतुर्थ श्रेणी (भृत्य) के पद पर होने वाली अनुकंपा नियुक्तियों में क्रमशः 70, 80 और 90 प्रतिशत स्टायपेंड दिए जाने का प्रावधान है. इसके बावजूद डीईओ कार्यालय द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए पूर्ण वेतनमान पर नियुक्तियां कर वेतन भुगतान किया गया.
जांच में 10 नियुक्तियों में मिली गड़बड़ी
शिकायत के आधार पर संयुक्त संचालक कार्यालय द्वारा 17 नवंबर को डीईओ से प्रतिवेदन मांगा गया. डीईओ द्वारा 25 नवंबर को भेजी गई जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि 12 दिसंबर 2019 के बाद जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों और कार्यालयों में भृत्य पद पर की गई 10 अनुकंपा नियुक्तियां नियमों के विपरीत पूर्ण वेतनमान पर की गई थीं. इन नियुक्तियों के आदेश तत्कालीन कक्ष प्रभारी लिपिक हरीश सिंह द्वारा जारी कराए गए थे. इसके अतिरिक्त जांच के दौरान देवेन्द्र कुमार गौतम के 15 फरवरी 2020 को जारी अनुकंपा नियुक्ति आदेश में जावक क्रमांक भी अंकित नहीं पाया गया.
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ने लिपिक हरीश सिंह के इस कृत्य को कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और मप्र सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के तहत गंभीर कदाचरण माना है. मप्र सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम-9 (क) के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय नागौद नियत किया गया है, जहां उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.
