तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू

तरनतारन 11 नवंबर (वार्ता) पंजाब में 21-तरनतारन विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक डॉ कश्मीर सिंह सोहल का इसी वर्ष 27 जून को निधन हो जाने से यह सीट खाली हो गयी थी। मतदान शाम छह बजे तक होगा और मतगणना के बाद 14 नवंबर 2025 को परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि तरन तारन हलके में कुल 1,92,838 मतदाता हैं। इनमें 1,00,933 पुरुष मतदाता, 91,897 महिला मतदाता और आठ तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कुल सेवा मतदाता 1357, 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता 1657, एनआरआई मतदाता 306, तथा दिव्यांग मतदाता 1488 हैं। उन्होंने आगे बताया कि 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3,333 मतदाता हैं। इसके अलावा 114 मतदान केंद्र स्थानों पर कुल 222 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 60 शहरी और 162 ग्रामीण मतदान केंद्र शामिल हैं।

जिला अधिकारियों ने बताया कि मतदान के लिए 114 स्थानों पर कुल 222 मतदान केंद्र (60 शहरी और 162 ग्रामीण) बनाए गए हैं। इनमें से अब तक 100 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों में एक दर्जन से ज़्यादा मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। उन्होंने आगे बताया कि अब तक 1435 पुलिस कर्मियों और अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

उपचुनाव में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 12 कंपनियाँ तैनात की गई हैं, जो किसी भी उपचुनाव में अब तक की सबसे बड़ी तैनाती में से एक है। ज़िला अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए कपूरथला और अमृतसर ज़िलों को जोड़ने वाली सीमाओं पर छह चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जो सभी गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखने के लिए चौबीसों घंटे कार्यरत हैं। किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 चौबीसों घंटे चालू है। उन्होंने यह भी बताया कि तकनीकी रूप से सुसज्जित वाहनों के साथ छह फ्लाइंग स्क्वॉड टीमें निर्वाचन क्षेत्र में किसी भी गतिविधि पर नज़र रखने के लिए 24 घंटे सड़कों पर गश्त कर रही हैं। उन्होंने पुष्टि की कि उपचुनाव भारत निर्वाचन आयोग के अधिनियमों, नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किए जाएँगे। निर्वाचन क्षेत्र में 9 आदर्श मतदान केंद्र और 3 पूर्णतः महिला-प्रबंधित मतदान केंद्र स्थापित किए जाएँगे।

यहां से कुल 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें सुखविंदर कौर (शिरोमणि अकाली दल), हरजीत सिंह संधू (भारतीय जनता पार्टी), हरमीत सिंह संधू (आम आदमी पार्टी), करनबीर सिंह (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), शाम लाल गांधी (सच्चो सच पार्टी), नायब सिंह (नेशनलिस्ट जस्टिस पार्टी), अरुण कुमार खुरमी राजपूत (स्वतंत्र), हरपाल सिंह भंगू (स्वतंत्र), हरबिंदर कौर उस्मान (स्वतंत्र), एडवोकेट कोमलप्रीत सिंह (स्वतंत्र), जसवंत सिंह सोहल (स्वतंत्र), नीटू शटर वाला (स्वतंत्र), मनदीप सिंह (स्वतंत्र), मनदीप सिंह खालसा (स्वतंत्र), और विजय कुमार (स्वतंत्र) शामिल हैं।

 

 

Next Post

त्याग की भावना को व्यक्त करता वंदे मातरम

Tue Nov 11 , 2025
आष्टा। नपा सभाकक्ष में नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा की उपस्थिति में वंदेमातरम का गायन किया गया. नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने बताया कि वंदे मातरम एकता, त्याग एवं भक्ति की भावना को अभिव्यक्त करता है. इस गीत ने युवाओं में जोश का प्रसार हुआ और अंग्रेजों को खदेड़कर भगाया. इस […]

You May Like