सुनील गोयल
ग्वालियरपुरानी छावनी स्थित लोटस पार्क कॉलोनी में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने 25 नवंबर को नगर निगम और नगर तथा ग्राम निवेश (टीएनसीपी) के मूल रिकॉर्ड तलब कर सीलबंद करा दिए। न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया एवं न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने लोटस पार्क कॉलोनी संचालकों को विवादित जमीन पर मालिकाना हक साबित करने के लिए रजिस्ट्री की प्रमाणित प्रतियां दो सप्ताह में पेश करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में होगी।
चंद्रेश त्यागी की याचिका (डब्ल्यूपी 10661/2026) में करीब 200 बीघा में विकसित हो रही कॉलोनी में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के आरोप लगाए गए थे। 22 सितंबर को हाईकोर्ट ने सीमांकन रिपोर्ट और प्रतिवादियों के जवाबों के आधार पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण स्वीकार किए जाने का उल्लेख करते हुए कलेक्टर को अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए थे। साथ ही टीएनसीपी लेआउट और नगर निगम की भवन अनुमतियों की दोबारा जांच करने को कहा था।
25 नवंबर को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने भवन अनुमति और टीएनसीपी लेआउट की स्वीकृति से संबंधित मूल रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बाद में दोनों विभागों के रिकॉर्ड कोर्ट में पेश किए गए, जिन्हें संबंधित पक्षों के अधिवक्ताओं की मौजूदगी में सीलबंद कर सुरक्षित रखने के लिए वापस सौंप दिया गया। कॉलोनी संचालकों की ओर से अधिवक्ता शंकल्प शर्मा ने रजिस्ट्री पेश करने के लिए समय मांगा, जिस पर कोर्ट ने दो सप्ताह की मोहलत दी। मामले में अधिवक्ता पवन देवानी न्याय मित्र हैं। राज्य शासन की ओर से सीपी सिंह पैरवी कर रहे हैं।
