कलेक्टर बनीं शिक्षक, नौवीं के छात्रों से पूछे कोशिका व परमाणु मॉडल के सवाल

मैहर : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी शासकीय हाई स्कूल मड़ई के औचक निरीक्षण पर पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने केवल प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि कक्षा नौवीं में पहुंचकर शिक्षक की भूमिका निभाई और विद्यार्थियों की विज्ञान की क्लास ली. कलेक्टर ने विद्यार्थियों को पढ़ाया और उनसे कोशिका तथा रदरफोर्ड के परमाणु मॉडल से जुड़े प्रश्न पूछे. कुछ छात्रों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने उनकी सराहना की और नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया.

हिंदी और अंग्रेजी पढ़वाकर परखी दक्षता
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से हिंदी और अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तकें पढ़वाकर उनकी पठन क्षमता, अक्षर ज्ञान और भाषा की समझ को परखा. कई विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कमजोर छात्रों के लिए तत्काल विशेष कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बच्चों की सीखने की क्षमता का नियमित मूल्यांकन किया जाए तथा पढ़ाई में पिछड़ रहे विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए.

लापरवाही पर चार शिक्षकों को नोटिस

विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति और गणवेश की स्थिति की समीक्षा के बाद शैक्षणिक गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया. हिंदी और अंग्रेजी विषयों में छात्रों का कमजोर प्रदर्शन मिलने पर उन्होंने प्रभारी प्राचार्य कपिल देव सिंह, माध्यमिक शिक्षक रामपाल सोनी, प्राथमिक शिक्षक कल्याणी विश्वकर्मा और अतिथि शिक्षक रूपा कुशवाहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच की और प्राथमिक शाला के स्वीकृत नवीन भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.

आंगनवाड़ी केंद्र का भी लिया जायजा

वहीं स्कूल के बाद कलेक्टर ने ग्राम मड़ई स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का भी निरीक्षण किया. यहां उन्होंने दर्ज बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बच्चों को खेल-खिलौनों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा दी जाए, ताकि उनका बौद्धिक विकास हो सके. केंद्र की व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी को आंगनवाड़ी केंद्रों की सतत निगरानी और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

Next Post

इटारसी जंक्शन पर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़, खुले में बिक रहा बासी और दूषित खाना

Sat Nov 28 , 2026
पुनीत दुबे इटारसी।देश के प्रमुख रेलवे जंक्शन में इटारसी रेलवे स्टेशन पर दिन भर में लगभग 300 यात्री ट्रेने गुजरती हैं। हजारों यात्री इटारसी स्टेशन के खाने पर निर्भर रहते हैं। क्योंकि अनेक ट्रेने नागपुर से इटारसी जबलपुर से भुसावल से और भोपाल से इटारसी आकर ही रूकती हैं और […]

You May Like