ग्वालियर: उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर में विचाराधीन क्रिमिनल अपील क्रमांक 3287/2024 के मामले में पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है। यह प्रकरण ग्वालियर जेल में निरुद्ध बंदी के फॉलो-अप स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एम्स नई दिल्ली ले जाए जाने से संबंधित है। आदेश के पालन में 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित होकर पक्ष प्रस्तुत किया।
मीडिया सेल प्रभारी सुरेंद्र भटेले ने बताया कि न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आदेश के अवलोकन से स्पष्ट है कि उसमें पुलिस अधीक्षक को दंडित किए जाने अथवा छह घंटे तक खड़े रहने का निर्देश दिए जाने जैसी कोई बात नहीं है। बिना अध्ययन किए भ्रामक, असत्य अथवा तथ्यहीन टिप्पणियां न करने का अनुरोध किया गया है। न्यायालयीन कार्यवाही पर समाचार लिखते समय तथ्यों की पुष्टि और आदेश की सही व्याख्या अपेक्षित बताई गई है।
