भोपाल। बड़ी झील यानी बड़ा तालाब, जो करीब 10 से 12 लाख लोगों की प्यास बुझाता है, अब अतिक्रमण, सीवेज और निर्माण गतिविधियों के चलते संकट का सामना कर रहा है। मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर शुक्रवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में हुई सुनवाई के दौरान पर्यावरणविदों, नागरिक संगठनों और कानूनी विशेषज्ञों ने झील के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता जताई। आपत्तिकर्ताओं ने कैचमेंट क्षेत्र में नए निर्माण और सड़कों पर रोक लगाने, जलाशयों को वेटलैंड घोषित करने, ग्रोथ कॉरिडोर की जिम्मेदारी बीडीए को नहीं देने और लेक फ्रंट के नियमों में बदलाव सहित कई सुझाव रखे।
पर्यावरणविद् डॉ. सुभाष सी. पांडेय ने टीएंडसीपी के संयुक्त संचालक नीरज आनंद लिखार और एडीएम प्रकाश नायक के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बड़े तालाब का पानी पहले ए कैटेगरी में था, जो अब घटकर सी कैटेगरी में पहुंच गया है। यदि कैचमेंट में अतिक्रमण और सीवेज का बहाव नहीं रुका तो पानी डी कैटेगरी में पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में नगर निगम की फिल्टर प्रक्रिया के बाद भी पानी को पीने योग्य बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 21 साल में बड़े तालाब की जैव विविधता 81 प्रतिशत तक घट गई है। शहर के अन्य 19 तालाबों की स्थिति भी खराब हुई है। उनका कहना है कि कैचमेंट में कृषि भूमि पर सड़कें बनाने और मौजूदा सड़कों का चौड़ीकरण करने से आगे कॉलोनियां विकसित होंगी और आबादी का दबाव बढ़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण गतिविधियां नहीं रुकीं तो अगले 10 साल में बड़ी झील का अस्तित्व बचाना मुश्किल हो सकता है।
डॉ. पांडेय ने वेटलैंड रूल्स-2017 के तहत 2.25 हेक्टेयर से बड़ी सभी जल संरचनाओं को वेटलैंड और संवेदनशील क्षेत्र घोषित करने का सुझाव दिया। साथ ही तालाबों के किनारे अतिक्रमण नियमित नहीं करने, कैचमेंट में सड़कें और सरकारी आवास बनाने से बचने, वाटर क्वालिटी इंडेक्स लागू करने और प्लास्टिक कचरे पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने शहर में घटती हरियाली पर भी चिंता जताई और बताया कि दो वर्षों में करीब 56 हजार वर्गफीट वन क्षेत्र कम होने की बात सामने आई है।
भोपाल सिटीजंस फोरम के सदस्य अरुण गुर्टू ने बड़े तालाब के आसपास प्रस्तावित 30 मीटर और 24 मीटर चौड़ी सड़कों के साथ 75 मीटर चौड़े वेस्टर्न बायपास पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि इससे कैचमेंट और झील पर दबाव बढ़ेगा। वहीं, फोरम की सदस्य वर्षा नावलेकर ने मास्टर प्लान की 21 साल की अवधि पर सवाल उठाते हुए इसे 10-10 साल के अंतराल पर बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बदलती परिस्थितियों और जरूरतों को देखते हुए लंबी अवधि की योजना का नियमित मूल्यांकन जरूरी है। उन्होंने एक्ट की धारा 23 के तहत हर पांच साल में मास्टर प्लान की समीक्षा के प्रावधान का नियमित पालन करने की मांग भी की।
एडवोकेट पुलकित गोधा ने 51 किलोमीटर लंबे और करीब 3500 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रोथ कॉरिडोर की जिम्मेदारी भोपाल विकास प्राधिकरण (बीडीए) को देने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बीडीए को एक परियोजना पूरी करने में 20 से 25 साल लग जाते हैं। उन्होंने हलालपुरा और प्रेमपुरा में प्रस्तावित लेक फ्रंट के जी-4 जोन के नियमों पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, एक ओर वर्ल्ड क्लास पर्यटन और फाइव स्टार रिसॉर्ट बनाने की बात है, वहीं दूसरी ओर न्यूनतम दो हेक्टेयर जमीन और अधिकतम छह मीटर ऊंचाई की शर्त रखी गई है, जिससे बड़े रिसॉर्ट बनाना संभव नहीं होगा। उन्होंने टीडीआर नीति में भी बदलाव की मांग की। उनका कहना है कि जमीन मालिकों को दोगुने मुआवजे के बजाय केवल 10 प्रतिशत हिस्सा मिल पाएगा, जबकि 26 हजार हेक्टेयर के टीडीआर के उपयोग के लिए मास्टर प्लान में केवल 5500 हेक्टेयर क्षेत्र चिह्नित किया गया है।
मास्टर प्लान-2047 की सुनवाई में उठी इन आपत्तियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण, झील के कैचमेंट, प्रस्तावित सड़कों, ग्रोथ कॉरिडोर और विकास की नीतियों पर सवाल खड़े किए गए हैं। अब देखना होगा कि मास्टर प्लान को अंतिम रूप देते समय इन सुझावों और आपत्तियों को कितनी जगह मिलती है।
