जयपुर, (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यमुना जल समझौता एवं रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिये हैं।
श्री शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में इन दोनों परियोजनाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक ली। मुख्यमंत्री ने दोनों परियोजनाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करते हुए जनता को लाभान्वित किया जाये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित अंतराल पर मौके पर पहुंचे और धरातल पर हो रही कार्य प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से संबंधित भूमि अवाप्ति, विद्युत लाइन शिफ्टिंग सहित सभी संबंधित कार्यों को लेकर विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और काम में तेजी लाएं, ताकि प्रदेश जल्द से जल्द जल आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सके।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
