कोलकाता, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस दो विरोधी गुटों में बंट गयी है और विपक्ष के नेता पद के हकदार को लेकर विधानसभा अध्यक्ष को 80 से ज्यादा विधायकों ले समूह का पक्ष लेना चाहिए।
श्री अधिकारी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यह बात कही जिसमें श्री ऋताब्रत बनर्जी की विपक्ष के नेता के तौर पर नियुक्ति को रद्द कर दिया गया था और अध्यक्ष को 10 दिनों के अंदर नया फैसला लेने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने कहा, “अब तृणमूल कांग्रेस के दो गुट हैं।” उन्होंने दावा किया कि एक जनवरी-1998 को चुनाव आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त असली तृणमूल कांग्रेस अब अपने असली रूप में मौजूद नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि न तो इसका असली नाम ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस और न ही इसका दो फूलों वाला चुनाव निशान अब मौजूद है। उन्होंने कहा, “दो पार्टियां हैं: डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस , जिसके प्रमुख अरूप रॉय हैं और दूसरी अखिल भारतीय ममता तृणमूल कांग्रेस है जिसकी प्रमुख हेड ममता बनर्जी हैं।”
मुख्यमंत्री ने तर्क दिया कि अध्यक्ष को इस मुद्दे पर फैसला करते समय विधानसभा में विरोधी समूह की ताकत को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि चूंकि असली तृणमूल कांग्रेसअब कानूनी तौर पर मौजूद नहीं है, इसलिए अध्यक्ष को उस गुट के पक्ष में फैसला करना चाहिए जिसके पास 80 से ज्यादा विधायक हैं।”
उन्होंने आगे कहा, ” सदन के सदस्य के तौर पर मेरा मानना है कि ज्यादा विधायक वाले गुट के पक्ष में फैसला होना चाहिए। अध्यक्ष को फैसला लेना चाहिए।”
श्री अधिकारी ने अदालत के फैसले के लिए तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की लीगल टीम को भी दोषी ठहराया और आरोप लगाया कि उसने मामले में ‘तोड़मरोड़’ की। उन्होंने कहा, “यह फैसला ममता बनर्जी और उनके भतीजे के खिलाफ है। उनके लीगल टीम ने मामले को बिगाड़ दिया।”उन्होंने आरोप लगाया कि लीगल टीम को कथित बंटवारे के बाद तथा रेजिनगर और नंदीग्राम में उपचुनाव से पहले अदालत से हट जाना चाहिए था। उन्होंने एक प्राथमिकी का भी ज़िक्र किया, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि यह एक चाचा ने अपने भतीजे के खिलाफ दर्ज करायी थी, जो जाहिर तौर पर तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व के अंदर कथित तौर पर बढ़ती दरार की ओर इशारा करता है।
