ढाका, (वार्ता) बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में खसरे के प्रकोप से सात और बच्चों की मौत हो गयी जिससे इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,378 हो गयी है।
देश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने यह जानकारी दी।
गत 15 मार्च के बाद से हुई कुल मौतों में से 1,272 को संदिग्ध खसरे से संबंधित मौत के रूप में वर्गीकृत किया गया है, जबकि 106 की पुष्टि प्रयोगशाला परीक्षणों के माध्यम से की गयी है।
डीजीएचएस ने इसी अवधि के दौरान 1,273 अन्य संदिग्ध मामले दर्ज किये, जिससे देश भर में कुल मामलों की संख्या 262,808 हो गयी है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 15 मार्च के बाद से देश भर में संदिग्ध खसरे के कुल 235,482 रोगियों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 226,440 ठीक हो गये हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गयी।
खसरे के प्रकोप से बच्चों, विशेष रूप से शिशुओं और नियमित टीकाकरण से चूक गये लोगों पर प्रतिकूल रूप से असर पड़ा है।
खसरा अत्यधिक संक्रामक है और निमोनिया, गंभीर दस्त और एन्सेफलाइटिस सहित गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकता है। यद्यपि टीकाकरण प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है, लेकिन जब बड़ी संख्या में बच्चे टीकाकरण से वंचित रह जाते हैं या उन्हें अनुशंसित दो खुराकों में से केवल एक ही खुराक मिली हो तो इसका प्रकोप तेजी से फैल सकता है।
