
जबलपुर । विशेष गुणवत्ता नियंत्रण अभियान के तहत कृषि अधिकारियों के दल ने शुक्रवार को विकासखंड कुंडम के बघराजी स्थित खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रय केंद्रों में छापेमारी की। दल ने बघराजी स्थित अमूल्य कृषि केंद्र, नवीन ट्रेडर्स, नम्रता ट्रेडर्स, राघव कृषि केंद्र, वेद कृषि केंद्र और किसान सेवा कृषि केंद्र की सघन जांच की। इस दौरान प्रत्येक प्रतिष्ठान से उर्वरक एवं कीटनाशक के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सभी विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपनी स्टॉक पंजी अद्यतन रखें, निर्धारित शासकीय दर पर ही सामग्री का विक्रय करें तथा प्रत्येक किसान को अनिवार्य रूप से पक्का बिल प्रदान करें।अनियमितता पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी उन्हें दी गई। निरीक्षण दल में अनुविभागीय कृषि अधिकारी रश्मि परसाई, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मीना अहिरवार एवं कृषि विस्तार अधिकारी डॉ सनी ठाकुर शामिल थे।