
इंदौर. दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का मामला सामने आया है. चंदननगर थाना क्षेत्र में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. महिला ने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस शिकायत में बताए गए घटनाक्रम और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.
पीड़िता अमरीन शेख ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही दहेज में कार लाने की मांग को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था. कार की मांग पूरी नहीं होने पर पति हुजेफा शेख उसके साथ शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना करने लगा. आरोप है कि पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति हुजेफा शेख के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस अब महिला के बयान और शिकायत में बताए गए घटनाक्रम की तस्दीक कर रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि विवाहिता की शिकायत पर पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है, मामले में तथ्यों की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
