
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में मर्ग जांच के बाद हत्या और दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है. जांच में दहेज की मांग को लेकर महिला के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना किए जाने तथा मुंह दबाकर सांस रोकने से मौत होने के तथ्य सामने आए हैं. पुलिस ने मामले में पति, सास, देवर और ननद को गिरफ्तार किया है.
मामला शीतल नगर का है, यहां रहने वाली 38 वर्षीय सरिता बिजोरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी. जांच के दौरान सामने आया कि सरिता को दहेज की मांग को लेकर पति दीपक बिजोरे, सास प्रेमलता, देवर जितेन्द्र बिजोरे और ननद रंजना अहिरवार द्वारा लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा सरिता के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई. मारपीट से उसे चोटें आई थीं. इसके बाद उसका मुंह दबाकर सांस रोक दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई. मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने चारों के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति दीपक, सास प्रेमलता, देवर जितेन्द्र और ननद रंजना को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की मौत के मामले में मर्ग जांच के दौरान दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मुंह दबाकर सांस रोकने से मौत होने के तथ्य सामने आए हैं. इसके आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या और दहेज के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच जारी है.
