मुंबई, 27 नवंबर (वार्ता) रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) दुनिया के विभिन्न बाजारों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का पूरा लाभ नहीं उठा रहे हैं।
श्री मल्होत्रा ने यहां एसएमई फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट समिट में कहा कि पात्र घरेलू निर्यात का केवल 20-30 प्रतिशत हिस्सा ही साझेदार बाजारों में मिलने वाली रियायती शुल्कों का लाभ उठा पा रहा है। इसके विपरीत, एफटीए साझेदार देशों से भारत आने वाले निर्यात में 60-70 प्रतिशत हिस्सा इन लाभों का उपयोग कर रहा है।
उन्होंने कहा, “यह एक ऐसा अवसर है जिसे हम यूं ही गंवा रहे हैं।” उन्होंने एमएसएमई से आग्रह किया कि वे केवल घरेलू बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश के बढ़ते व्यापार समझौतों के नेटवर्क का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। वे अपने उत्पादों से जुड़े एफटीए की पहचान करें और उन बाजारों में मिलने वाली तरजीही पहुंच को समझें।
उन्होंने विदेशी बाजारों में अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय मानकों और प्रमाणन में निवेश करने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, “भारत का बढ़ता व्यापार समझौतों का नेटवर्क छोटे व्यवसायों के लिए बड़े अवसर लेकर आया है। इसमें नये निर्यात बाजारों तक पहुंच, किफायती कच्चे माल की उपलब्धता और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के विशेष क्षेत्रों में शामिल होने के मौके शामिल हैं।”
आरबीआई गवर्नर ने कहा कि कई एफटीए में छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए विशेष प्रावधान भी मौजूद हैं। अधिक श्रम-प्रधान एमएसएमई यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार से मिलने वाला लाभ अर्थव्यवस्था के एक बड़े हिस्से तक पहुंचे।
उन्होंने बैंकों से अपील की कि वे अपनी शाखाओं में समर्पित मार्गदर्शन सुविधाएं स्थापित करके छोटे व्यवसायों के साथ अपना जुड़ाव मजबूत करें। इससे उद्यमियों को सरकार की विभिन्न सहायता योजनाओं को समझने और उनका लाभ उठाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि बैंकों को केवल वित्तीय लेखाजोखा के आधार पर ऋण देने की बजाय ऋण मांगने वाले व्यवसायों और उद्यमियों को बेहतर ढंग से समझने का प्रयास करना चाहिए।
श्री मल्होत्रा ने उद्यमियों को भी प्रोत्साहित किया कि वे खुद आगे बढ़कर बैंकों से संपर्क करें और ऋण सहायता प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास करते रहें। सितंबर 2026 को समाप्त 12 महीने में एमएसएमई सेक्टर को दिए जाने वाले बैंक क्रेडिट में साल-दर-साल 27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि इसी दौरान बैंकों द्वारा दिए गए ऋण में 19.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आरबीआई गवर्नर ने माना कि छोटे व्यवसायों के लिए वित्त की उपलब्धता में कमी अभी भी मौजूद है, हालांकि पिछले कुछ समय में यह अंतर काफी हद तक कम हुआ है।
