तीन राज्यसभा सांसदों पर एक-एक हजार रुपये की कॉस्ट

जबलपुर। हाईकोर्ट जस्टिस बी पी शर्मा की एकलपीठ ने मध्य प्रदेश से पांच माह पूर्व निर्वाचित हुए तीन राज्यसभा सांसदों पर एक-एक हजार रूपये की कॉस्ट लगाते हुए जवाब पेश करने अंतिम अवसर प्रदान किया है। याचिका पर अगली सुनवाई 11 दिसम्बर को निर्धारित की गयी है।

कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन की तरफ से राज्यसभा का नामांकन निरस्त किये जाने को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दायर की गई है। याचिका में कहा गया है तेलंगाना में लंबित एक आपराधिक मामले की जानकारी छिपाने के आधार पर चुनाव अधिकारी ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया. तेलंगाना राज्य की जिला न्यायालय ने एक परिवाद की सुनवाई करते हुए उन्हें नोटिस जारी किये थे।

याचिका में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए सांसद तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट को पक्षकार बनाया गया है। पिछली सुनवाई के दौरान एकलपीठ ने निर्वाचित राज्यसभा सांसदों को अंतिम अवसर प्रदान किया था। एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा था कि अंतिम अवसर दिये जाने के बावजूद भी वह जवाब पेश नहीं करते है तो उनका जवाब देने का अवसर समाप्त कर दिया जायेगा।

याचिका पर शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान निर्वाचित सांसदों की तरफ से उपस्थित अधिवक्ताओं ने जवाब पेश करने के लिए समय प्रदान करने का आग्रह किया। एकलपीठ ने आग्रह को स्वीकार करते हुए एक-एक हजार रुपये की कॉस्ट के साथ जवाब पेश करने अंतिम अवसर प्रदान किया है। एकलपीठ ने अनावेदकों की सूची से निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नाम हटाने के आदेश जारी किये हैं। याचिकाकर्ता की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता तथा अनावेदक सांसदों की तरफ से अधिवक्ता दीपक तिवारी व अन्य उपस्थित हुए।

Next Post

कमिश्नर ने किया क्षेत्र का दौरा  

Fri Nov 27 , 2026
तेंदूखेड़ा/दमोह। निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल मिली कमियां दिए सुधार के निर्देश सागर कमिश्नर दिलीप कुमार ने शुक्रवार को दोपहर क्षेत्र का दौरा किया। जिसमें प्रमुख रूप से तेंदूखेड़ा के बम्होरी ग्राम में निर्माणाधीन सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल के निर्माण में कई कमियां मिली। जिनमें प्रमुख रूप से फॉर्स पर […]

You May Like

मनोरंजन