सुरक्षित बचपन अभियान के तहत शिक्षकों को दिया साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण

आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक श्री समर वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल के निर्देशन में जिलेभर में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत चिन्हित शिक्षकों को साइबर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

न्यायालय परिसर स्थित एसडीआर भवन में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में साइबर सेल आलीराजपुर के दिलीप चौहान एवं नागर सोलंकी ने उपस्थित शिक्षकों को वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल अरेस्ट, टेलीग्राम टास्क फ्रॉड, लोन ऐप फ्रॉड तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों में अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों के बारे में समझाया गया।

इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री राजेन्द्र प्रसाद सेवतिया एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आलीराजपुर श्री अंशुल चंद्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रशिक्षण में शिक्षकों को बताया गया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान कॉल, लिंक, मैसेज या ऑनलाइन निवेश संबंधी प्रलोभन पर बिना जांचे भरोसा नहीं करना चाहिए। अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करने की अपील की गई।

Next Post

ग्राम करवड़ में मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर आयोजित, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

Fri Nov 27 , 2026
झाबुआ. विकासखंड पेटलावद के ग्राम करवड़ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष रमेश सोलंकी सहित […]

You May Like