प्रेम संबंधों में अनबन के बाद महिला की हत्या, खेत में मिला शव, आरोपी पकड़ा

श्योपुर। विजयपुर थाना क्षेत्र में 32 साल की महिला की हत्या का मामला सामने आया है। सुबह खेत में महिला का खून से लथपथ शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। महिला के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।
शुरुआती जांच में परिजनों ने संपत्ति और पारिवारिक विवाद के चलते पति व ससुराल पक्ष पर शक जताया था। हालांकि, पुलिस जांच में मामला प्रेम संबंधों में आई खटास से जुड़ा सामने आया। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना गोपालपुर पंचायत के चक सहारना गांव की है। कविता आदिवासी की हत्या कर दी गई। सुबह सुखनदी के किनारे खेत में उसका शव मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से आधा दर्जन से अधिक वार किए गए थे।
पति और ससुराल पक्ष पर जताया था शक
खेत में शव मिलने की सूचना पर विजयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतका के पिता सोवरन आदिवासी सहित परिजनों ने संपत्ति में हिस्सेदारी और पारिवारिक विवाद के चलते पति व ससुराल पक्ष पर हत्या की आशंका जताई थी। एसपी मोती उर रहमान के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
मामले में शिवपुरी के गोपालपुर निवासी मोहम्मद दानिश कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। मृतिका और आरोपी के बीच प्रेम संबंध थे। अनबन के बाद आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Next Post

मोबाइल टावर में लगी भीषण आग, लपटें देख दहशत में आए ग्रामीण

Fri Nov 27 , 2026
मुरैना: जिले के दिमनी थाना इलाके में एक मोबाइल टावर में अचानक आग लग गई। टावर से ऊंची-ऊंची आग की लपटें और धुआं उठता देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। यह घटना दिमनी थाना क्षेत्र के बड़ा गांव नावली की […]

You May Like