कटनी: जिले से भेजे गए फोर्टिफाइड चावल के गायब होने के मामले में भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का जांच दल पहुंचने से पहले ही स्थानीय स्तर पर जांच रिपोर्ट तैयार कर परिवहन फर्म के चार पार्टनर्स के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि इस पूरी कार्रवाई के बीच सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि विभिन्न जिलों से चावल न पहुंचने के पत्र मिलने के बावजूद करीब तीन माह तक चुप्पी साधे रखने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी अब तक क्यों तय नहीं की गई है।
स्थानीय जांच के आधार पर चार पार्टनर्स पर केस, फर्म प्रतिबंधित
कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा गठित जांच दल के प्रतिवेदन के आधार पर गुरुवार को मेसर्स भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस (चाकघाट) के पार्टनर दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध रंगनाथ नगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 500/2026 दर्ज किया गया है। जांच में 31 ट्रकों में लदे 21,765 बोरे (10,797.18 क्विंटल) चावल की अफरातफरी और फर्जी डिलीवरी चालान/पावती प्रस्तुत करने की बात सामने आई है, जिसके बाद प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल ने भी फर्म को कटनी जिले के परिवहन कार्य से प्रतिबंधित कर दिया है।
तीन महीने तक पत्र दबे रहने और भुगतान प्रक्रिया पर उठते सवाल
दस्तावेजों के मुताबिक नीमच (3 अगस्त), इंदौर (1 सितंबर) और हरदा (7 सितंबर) कार्यालयों से चावल अप्राप्त होने की लिखित सूचनाएं आने के बावजूद कटनी कार्यालय में करीब तीन माह तक मामला आगे नहीं बढ़ सका। इसी बीच बिना प्राप्ति प्रमाण-पत्रों के मिलान के परिवहन बिलों के भुगतान, चालान व जीपीएस/टोल रिकॉर्ड सत्यापन न होने और विवादित रिकॉर्ड के बावजूद संबंधित फर्म को काम जारी रखने को लेकर अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भोपाल की जांच टीम और ईओडब्ल्यू की नजरों के बीच जवाबदेही की मांग
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता से सात दिन में जांच प्रतिवेदन तलब किए जाने और बड़वारा के सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम द्वारा ईओडब्ल्यू जबलपुर में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मामला खासा संवेदनशील हो गया है। जानकारों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि केवल परिवहनकर्ता पर एफआईआर दर्ज कर इतिश्री करने के बजाय उन अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका और लापरवाही/मिलीभगत की भी स्पष्ट जवाबदेही तय होनी चाहिए, जिनकी वजह से महीनों तक यह प्रकरण दबा रहा और सरकारी खाद्यान्न की इतनी बड़ी खेप के गायब होने का खेल चलता रहा।
