जिला पंचायत की बैठक में भारी हंगामा, धरने पर बैठे विपक्षी सदस्य

सतना : जिला पंचायत की सामान्य सम्मिलन बैठक गुरुवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक व भारी हंगामे की भेंट चढ़ गई. एजेंडे में भेदभाव और जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) की राशि के आवंटन में पक्षपात का आरोप लगाते हुए विपक्षी सदस्य सदन के भीतर ही धरने पर बैठ गए.करीब साढ़े चार घंटे चली इस बैठक में कई बार गतिरोध की स्थिति बनी और अंततः विरोध दर्ज कराते हुए विपक्ष के 6 सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया.

एजेंडे को लेकर भड़का आक्रोश, अध्यक्ष से मांगा जवाब

दोपहर 12 बजे बैठक शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने कार्यसूची (एजेंडे) पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई. सदस्यों का आरोप था कि एजेंडे में जानबूझकर केवल सत्ता पक्ष से जुड़े सदस्यों के क्षेत्रों के विकास कार्यों को ही शामिल किया गया है.इस मुद्दे पर विधायक प्रतिनिधि रितेश त्रिपाठी समेत अन्य विपक्षी सदस्य अपनी सीटों से उठकर सदन में धरने पर बैठ गए और जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल से सीधा जवाब मांगने लगे.

सीईओ की समझाइश बेअसर, सत्ता-विपक्ष में तीखी बहस

हंगामे के बीच जिला पंचायत सीईओ सपना त्रिपाठी ने नाराज सदस्यों को शांत कराने और समझाइश देने का प्रयास किया लेकिन विपक्षी सदस्य अपनी मांगों पर अड़े रहे. इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच जमकर तकरार और तीखी बहसबाजी हुई.

महिला सदस्यों ने खोला मोर्चा, चार साल के कामकाज पर उठाए सवाल

बैठक में महिला सदस्यों जान्हवी यादव, विमला कोल, लक्ष्मी मवासी, एकता सिंह और सावित्री त्रिपाठी ने मुखर होकर डीएमएफ फंड के वितरण में गंभीर पक्षपात के आरोप लगाए.विपक्षी खेमे का कहना था कि जिला पंचायत में बीते चार वर्षों से विकास मदों में अनियमितता और भेदभाव चल रहा है.चुनिंदा क्षेत्रों को करोड़ों रुपये की सौगात दी जा रही है, जबकि अन्य क्षेत्रों को विकास कार्यों के लिए फूटी कौड़ी भी नसीब नहीं हो रही.

शाम साढ़े चार बजे तक चलता रहा
गतिरोध

दोपहर 12 बजे शुरू हुई बैठक में शाम 4:30 बजे तक हंगामे और धरने का दौर रुक-रुक कर चलता रहा.एजेंडे में संशोधन और राशि आवंटन पर संतोषजनक जवाब न मिलने से नाराज विपक्ष के 6 सदस्य अंततः कार्यवाही का बहिष्कार कर सदन से बाहर चले गए.

Next Post

अमरपाटन वनपरिक्षेत्र में ढाई हेक्टेयर वनभूमि से हटाया गया अवैध कब्जा

Fri Nov 27 , 2026
सतना: मैहर वनमंडल अंतर्गत आने वाले अमरपाटन वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को वन विभाग के संयुक्त अमले द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत लगभग 2.5 हेक्टेयर बेशकीमती आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमणकारियों के कब्जे से मुक्त कराया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाने […]

You May Like