सीहोर। शहर के मंडी थाना क्षेत्र में एसपी निवास के नजदीक बीती शाम लईक कुरैशी की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है. वारदात के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस ने पूरी रात सर्चिंग अभियान चलाया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी. मामले में नामजद पांच आरोपियों में से पुलिस ने अजीज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सलीम, नोशाद, हाशिम और अयान अब भी फरार हैं. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं.
गौरतलब है कि बुधवार को मंडी थाना क्षेत्र में माता मंदिर और मस्जिद के पास पुराने पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया था. 45 वर्षीय लईक कुरैशी को हमलावरों ने घेरकर चाकू से हमला कर दिया था. गंभीर रूप से घायल लईक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में परिजनों ने सलीम, अजीज, नोशाद, हाशिम और अयान पर लईक को घेरकर हमला करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं. वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी. रातभर पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देती रहीं. माता मंदिर चौराहे और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा. एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था. मंडी पुलिस ने नामजद आरोपियों में से अजीज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सलीम, नोशाद, हाशिम और अयान की तलाश जारी है. नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं. जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
मर्चुरी में पीएम, जनाजे में उमड़ी भीड़
गुरुवार सुबह जिला अस्पताल के मर्चुरी रूम में मृतक लईक कुरैशी का पोस्टमार्टम किया गया. इस दौरान परिजनों और परिचितों सहित बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में जमा हो गए. एहतियातन यहां भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में जमशेद नगर स्थित मृतक के पैतृक निवास से जनाजा निकाला गया, जो गंज स्थित कब्रिस्तान पहुंचा. जनाजे में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और गमगीन माहौल में लईक कुरैशी को सुपुर्द-ए-खाक किया गया.
