सीहोर। जिले में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई. बीती देर शाम नादान घाट पर रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधानाध्यापक रामबिलास की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार प्रज्ञा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष नीतू गंभीर रूप से घायल हो गईं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है. दोनों सीहोर गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया.
जानकारी के अनुसार नंदगांव निवासी रामबिलास पिता हीरालाल शासकीय माध्यमिक शाला में प्रधानाध्यापक के पद पर पदस्थ थे. वह प्रज्ञा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष नीतू के साथ बाइक से सीहोर आए थे. दोनों मध्यान्ह भोजन की राशि से संबंधित काम के सिलसिले में जिला मुख्यालय पहुंचे थे. काम पूरा करने के बाद जब वे बाइक से वापस गांव लौट रहे थे, तभी नादान घाट के पास रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. हालांकि रामबिलास को गंभीर चोटें आने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल नीतू, जो प्रज्ञा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष और रामस्वरूप की पत्नी हैं को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया.
