यरुशलम, 26 नवंबर (वार्ता) इजरायल में प्रधानमंत्री पद के दावेदार गादी आइज़ेनकोट की याशर पार्टी ने डेमोक्रेट्स पार्टी के साथ गठबंधन सरकार बनाने को लेकर बातचीत फिर शुरू करने की घोषणा की है। दोनों दलों के बीच कुछ दिन पहले वार्ता रोक दी गयी थी।
डेमोक्रेट्स के प्रमुख यायर गोलान ने मंगलवार को याशर के साथ सरकार गठन को लेकर बातचीत स्थगित करने की घोषणा की थी। उन्होंने यह कदम याशर की कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ संभावित राष्ट्रीय एकता गठबंधन को लेकर जारी बातचीत के विरोध में उठाया था।
श्री गोलान पहले ही कह चुके हैं कि उनकी पार्टी श्री नेतन्याहू के साथ किसी भी एकता सरकार में शामिल होने के लिए कभी सहमत नहीं होगी। उन्होंने श्री नेतन्याहू को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए उनके साथ गठबंधन बनाने को जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात करार दिया था।
याशर ने कहा कि डेमोक्रेट्स के साथ गठबंधन समझौते पर पहुंचने के लिए गुरुवार को ‘मैराथन वार्ता’ होगी। हालांकि, डेमोक्रेट्स की ओर से तत्काल इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि बातचीत दोबारा शुरू करने की वजह क्या रही, क्योंकि याशर की लिकुड के साथ भी बातचीत जारी है। हालांकि, दोनों दलों के बीच मंत्री पदों के बंटवारे को लेकर विवाद सुलझाने की दिशा में प्रगति के संकेत मिले हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, श्री गोलान ने मंत्रिमंडल के तीन सबसे वरिष्ठ पदों- रक्षा, वित्त या विदेश मंत्रालय में से एक की मांग की है। ये पद एविग्डोर लिबरमैन और नफ्ताली बेनेट की पार्टियों के लिए निर्धारित किए गए हैं। बताया जा रहा है कि इसकी भरपाई के तौर पर गोलान न्याय और शिक्षा मंत्रालय का प्रभार चाहते हैं। वहीं, आइज़ेनकोट डेमोक्रेट्स को केवल राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय देने की पेशकश कर सकते हैं, जिसे गोलान अपर्याप्त मान रहे हैं।
इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए क्नेसेट चुनावों में डेमोक्रेट्स ने आठ से अधिक सीटें जीती थीं, जिससे गठबंधन सरकार के गठन में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण हो गयी है। श्री गोलान और श्री आइज़ेनकोट दोनों ही इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) में कई दशकों तक सेवा दे चुके हैं। श्री गोलान ने उप प्रमुख और आइज़ेनकोट ने प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी।
याशर और लिकुड के बीच भी बातचीत जारी है, लेकिन दोनों दलों के बीच मजबूत वैचारिक मतभेदों और नेतृत्व को लेकर गतिरोध के कारण इसके सफल होने की संभावना कम मानी जा रही है।
लिकुड के कई सदस्यों ने स्वीकार किया है कि राष्ट्रीय एकता सरकार बनने की संभावनाएं कम हो रही हैं और आइज़ेनकोट उनके बिना गठबंधन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसकी एक प्रमुख वजह याशर का बारी-बारी से प्रधानमंत्री पद संभालने की मांग को स्वीकार करने से इनकार करना है।
