मुंबई, 26 नवंबर (वार्ता) बैंकों की डॉलर खरीद से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को 18 पैसे टूटकर 92.38 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 65 पैसे की मजबूती के साथ 92.20 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज शुरू से ही दबाव में रहा। यह 30 पैसे की गिरावट में 92.50 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में रुपये में बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया। यह ऊपर 92.31 रुपये और नीचे 92.66 रुपये प्रति डॉलर तक गया।
कारोबारियों ने बताया कि वाणिज्यिक बैंकों की ओर से डॉलर की मांग बढ़ाने से रुपये में गिरावट देखी गई है। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) की लिवाली से रुपये की गिरावट सीमित रही।
एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजार में आज 40.97 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया। शुद्ध निवेश उनके द्वारा बाजार में लगाई गई पूंजी और निकाली गई पूंजी का अंतर है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में तेजी ने भी रुपये पर दबाव बनाया। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 1.2 प्रतिशत बढ़कर 95.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
