वाशिंगटन, 26 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नाटो के महासचिव मार्क रट ने फ्लोरिडा स्थित श्री ट्रंप के मार-ए-लागो आवास पर हुई बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान में संघर्ष और गठबंधन के सदस्य देशों में रक्षा खर्च बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा की है। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी।
व्हाइट हाउस ने गुरुवार को हुई इस बैठक को प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर केंद्रित एक “उत्कृष्ट बैठक” बताया। व्हाइट हाउस ने बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा, “यह बैठक बेहद प्रभावशाली रही, जिसमें रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध तथा ईरान में संघर्ष प्रमुख विषय रहे।”
श्री ट्रंप और श्री रट ने हेग और तुर्किये के अंकारा में हुए नाटो शिखर सम्मेलनों में हुई प्रगति की भी समीक्षा की और रूस-यूक्रेन संघर्ष को और बढ़ने से रोकने के प्रयासों पर चर्चा की। बयान में कहा गया, “हमने इस बात के महत्व पर भी चर्चा की कि रूस ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचे, जो जानबूझकर या अनजाने में युद्ध का विस्तार करे। साथ ही, युद्ध का जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान हासिल करना भी महत्वपूर्ण है।”
व्हाइट हाउस के अनुसार, दोनों नेताओं ने अमेरिका और नाटो के सदस्य देशों में रक्षा खर्च तथा रक्षा औद्योगिक आधार में निवेश लगातार बढ़ाने के महत्व पर भी जोर दिया। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की अमेरिका की ओर से रूस के साथ शांति वार्ता के अगले दौर की तारीख तय किए जाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में चार पक्षों को शामिल होना चाहिए।
श्री जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने यह सुनिश्चित करने के लिए “बहुत कुछ” किया है कि अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति प्रक्रिया में यूरोप की पूरी भागीदारी हो। उन्होंने एस्टोनिया के विदेश मंत्री मार्गुस त्साहकना के साथ कीव में हुई बातचीत के बाद कहा, “अब हम अमेरिकी पक्ष की ओर से अगली बैठक की तारीख तय किए जाने का इंतजार कर रहे हैं। अब यह बैठक चार पक्षों के बीच होनी चाहिए।”
एस्टोनियाई विदेश मंत्री के साथ बैठक के दौरान जेलेंस्की ने ऊर्जा सहायता और अगले साल की शुरुआत में एस्टोनिया में आयोजित होने वाले यूक्रेन पुनर्निर्माण सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, “स्वाभाविक रूप से, हमने वार्ता और भविष्य की सुरक्षा गारंटी पर भी बात की।”
उनकी यह टिप्पणी 10-11 नवंबर को अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच हुई शांति वार्ता के एक नए दौर के बाद आयी है। बातचीत के बाद अमेरिकी विशेष दूत जेरेड कुशनर ने कहा था कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए हैं कि अगले दौर में यूरोपीय प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
अमेरिका की मध्यस्थता में हो रही वार्ता से अब तक यूरोप को बाहर रखा गया है और रूस उसकी भागीदारी का विरोध करता रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले सप्ताह कहा था कि मॉस्को ने अमेरिकी दूतों के उस प्रस्ताव पर सहमति जतायी है, जिसके तहत यूक्रेन की सुरक्षा को व्यापक अखिल यूरोपीय सुरक्षा ढांचे में शामिल किया जाना है।
श्री पुतिन ने कहा था, “इसी वजह से हमने कूटनीतिक माध्यमों से यूरोपीय देशों को मॉस्को आने का प्रस्ताव दिया है, ताकि उनका रुख स्पष्ट किया जा सके। ऐसा हो जाने के बाद हम यूक्रेन के साथ बातचीत जारी रखने के प्रारूप पर फैसला करेंगे।”
रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी यूरी उशाकोव ने इससे पहले कहा था कि रूस में यूरोपीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक को लेकर कोई सहमति नहीं बनी है और अमेरिका की मध्यस्थता वाली शांति वार्ता में उनकी भागीदारी पर भी कोई फैसला नहीं हुआ है।

