एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर-शारजाह उड़ान फिर टली

इंदौर: इंदौर से शारजाह जाने वाले यात्रियों को एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बार फिर झटका दिया है. कंपनी ने जून 2026 में प्रस्तावित सभी उड़ानों को अपने ऑनलाइन सिस्टम से हटा दिया है. अब वेबसाइट पर 1 जुलाई 2026 से बुकिंग दिखाई जा रही है, लेकिन लगातार बदलते शेड्यूल के कारण यात्रियों और ट्रैवल एजेंट्स में उड़ान शुरू होने को लेकर भरोसा कम होता जा रहा है.

इंदौर-शारजाह फ्लाइट का संचालन 28 फरवरी 2026 से बंद पड़ा है. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण हालात और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए उड़ान सेवा स्थगित की थी. इसके बाद कंपनी ने कई बार अलग-अलग तारीखों से सेवा दोबारा शुरू करने की घोषणा की और टिकट बुकिंग भी खोली, लेकिन हर बार अंतिम समय में संचालन टाल दिया गया. हाल ही में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 1 जून से उड़ान शुरू करने का नया शेड्यूल जारी किया था.

इसके अनुसार सप्ताह में चार दिन—रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार- इंदौर से शारजाह के लिए फ्लाइट संचालित होना थी. यात्रियों ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी थी, लेकिन अब कंपनी ने पूरे जून महीने की उड़ानों को ही सिस्टम से हटा दिया है. लगातार हो रहे बदलावों से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. पहले भी कई यात्रियों को टिकट रिफंड और री-शेड्यूलिंग की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था. यही वजह है कि अब अधिकांश यात्री तब तक टिकट बुक करने से बच रहे हैं, जब तक फ्लाइट का संचालन वास्तव में शुरू नहीं हो जाता.

जुलाई से दिख रही बुकिंग
फिलहाल एयर इंडिया एक्सप्रेस की वेबसाइट पर 1 जुलाई से उड़ान की बुकिंग दिखाई दे रही है, लेकिन पिछले अनुभवों को देखते हुए यात्रियों के बीच अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

Next Post

सोशल मीडिया जनसंवाद का सशक्त माध्यम

Tue May 19 , 2026
सागर। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस “मीडिया एवं सोशल मीडिया,नई तकनीक, एआई, प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के लिए सकारात्मक परसेप्शन निर्माण” विषय पर आयोजित सत्र को भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया और […]

You May Like