भारत-नेपाल सीमा के पास 19.39 किलो हाथी दांत जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 26 नवंबर (वार्ता) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास 19.39 किलोग्राम हाथी दांत जब्त किया है। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि बिहार पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चलाये गये इस अभियान में हाथी दांत की तस्करी में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान दो दोपहिया वाहनों पर सवार चार संदिग्धों को रोका गया। इनमें से एक व्यक्ति के पास मौजूद बैग में हाथी दांत होने का संदेह था। अधिकारियों को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें पकड़ लिया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 19.39 किलोग्राम हाथी दांत बरामद हुआ।

उन्होंने कहा कि जांच के बाद हाथी दांत को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। डीआरआई अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने की दिशा में भी जांच कर रही है। डीआरआई के अनुसार, हाथियों को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत संरक्षित किया गया है। इसके अलावा इन्हें वन्य जीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (सीआईटीईएस) के परिशिष्ट-1 में भी शामिल किया गया है। भारत में हाथी दांत का व्यापार प्रतिबंधित है। इसकी अवैध तस्करी से हाथियों के अस्तित्व, वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता को गंभीर खतरा पैदा होता है।

.....

Next Post

चंदन नदी का अस्तित्व मिटाने पर आमादा खनिज विभाग

Thu Nov 26 , 2026
बालाघाट, नदियां प्रकृति का ऐसा अनमोल उपहार हैं, जिनके बिना मानव जीवन और जीव-जंतुओं के अस्तित्व की कल्पना भी नहीं की जा सकती। लेकिन विडंबना देखिए कि जिस प्राकृतिक संपदा को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है, उसी संपदा का लगातार दोहन होने के आरोप […]

You May Like