चंदन नदी का अस्तित्व मिटाने पर आमादा खनिज विभाग

बालाघाट, नदियां प्रकृति का ऐसा अनमोल उपहार हैं, जिनके बिना मानव जीवन और जीव-जंतुओं के अस्तित्व की कल्पना भी नहीं की जा सकती। लेकिन विडंबना देखिए कि जिस प्राकृतिक संपदा को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है, उसी संपदा का लगातार दोहन होने के आरोप सामने आ रहे हैं। सिवनी जिले के मुंडारा से निकलकर दो जिलों से होकर बहने वाली चंदन नदी आज इसी गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर बहने वाली इस नदी का आगे महाराष्ट्र की बड़ी नदियों में समाहित होना इसकी भौगोलिक विशेषता है, लेकिन इसके प्राकृतिक अस्तित्व पर मंडराता खतरा अब कई सवाल खड़े कर रहा है।

डंपरों के कारोबार पर विभाग मौन

बनदी से रेत निकालने की व्यवस्था को लेकर सामने आए सवालों के अनुसार, वर्तमान में रेत उत्खनन के लिए ठेके दिए गए हैं और दिन-रात नदी से रेत निकाले जाने की बात कही जा रही है। आम नागरिकों के लिए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत की कीमत लगभग 3500 रुपये बताई जा रही है। वहीं डंपर और बड़े ट्रकों के माध्यम से होने वाले रेत परिवहन और कारोबार की कीमतें हजारों से लेकर लाखों रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है। इसके साथ ही रॉयल्टी की वास्तविक स्थिति को लेकर भी स्पष्टता की मांग उठ रही है। सवाल यह है कि यदि नदी से इतनी बड़ी मात्रा में रेत निकाली जा रही है, तो शासन को मिलने वाले राजस्व, रॉयल्टी की वसूली और वास्तविक उत्खनन की मात्रा का पारदर्शी हिसाब जनता के सामने क्यों नहीं रखा जाता? कितनी रेत निकालने की अनुमति है, कितनी निकाली जा रही है और नियमों का पालन किस स्तर पर सुनिश्चित किया जा रहा है? इन सवालों का जवाब संबंधित विभागों को देना चाहिए।

हजारों डंपरों से दोहन का आरोप

एक समय था जब 1980 के दशक से पहले आम नागरिक अपनी घरेलू और निर्माण संबंधी जरूरतों के लिए बैलगाड़ियों से थोड़ी-बहुत रेत निकालकर ले जाते थे। उस दौर में नदी से रेत निकालने का स्वरूप स्थानीय जरूरतों तक सीमित था। लेकिन आज मशीनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डंपरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रेत निकासी की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कभी जिस नदी का उपयोग स्थानीय लोग अपनी जरूरतों के लिए करते थे, आज उसी नदी के प्राकृतिक संसाधनों का व्यावसायिक दोहन चिंता का विषय बन गया है। आरोप हैं कि लगातार उत्खनन से नदी के भीतर बड़े-बड़े गड्ढे बन रहे हैं और उसका प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। यदि यह स्थिति जारी रही तो नदी का जलस्तर, भूजल पुनर्भरण और जलीय जीवों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो सकता है।

गांवों पर मंडराएगा जल संकट

चंदन नदी केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। नदी के पानी और उससे जुड़े भूजल स्रोतों पर क्षेत्र के अनेक गांवों की निर्भरता है। गर्मियों में जब जलस्रोत सूखने लगते हैं, तब नदियों का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। यदि इसी तरह नदी की रेत और प्राकृतिक संरचना का दोहन होता रहा, तो भविष्य में आसपास के गांवों को पानी के लिए गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आज जिस रेत से आर्थिक लाभ कमाया जा रहा है, कल उसी नदी का पानी नहीं बचा तो उसकी कीमत आने वाली पीढ़ियों को चुकानी पड़ सकती है।

धार्मिक आस्था पर भी पड़ेगा भारी असर 

नदियों का महत्व केवल जल और पर्यावरण तक सीमित नहीं है। भारतीय समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं भी नदियों से गहराई से जुड़ी हुई हैं। सुबह-सुबह नदी में खड़े होकर सूर्य उपासना करना, छठ पूजा और अन्य धार्मिक अनुष्ठान हमारी परंपरा का हिस्सा हैं। लेकिन जब नदी का प्राकृतिक स्वरूप ही नहीं बचेगा, जल की उपलब्धता समाप्त होगी और नदी गड्ढों में तब्दील हो जाएगी, तब इन परंपराओं को निभाना भी मुश्किल हो सकता है। ऐसे में नदी संरक्षण केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा भी है ।

सत्ता में चाहे कोई भी राजनीतिक दल हो, नदी संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। विगत दो-तीन दशकों से नदियों में हो रहे उत्खनन और उनके प्राकृतिक स्वरूप में आ रहे बदलाव को लेकर समय रहते प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए । जब नदी के अस्तित्व पर संकट के संकेत दिखाई दे रहे हैं, तब केवल ठेके देने और राजस्व जुटाने तक व्यवस्था की जिम्मेदारी सीमित नहीं हो सकती। संबंधित विभागों को यह भी देखना होगा कि रेत उत्खनन से नदी के पर्यावरण, जलस्तर और आसपास के गांवों पर क्या प्रभाव पड़ रहा है।

चंदन नदी को बचाने के लिए आवश्यकता है कि नदी में हो रहे उत्खनन की स्वतंत्र जांच कराई जाए। स्वीकृत मात्रा और वास्तविक उत्खनन का मिलान हो, रॉयल्टी वसूली का हिसाब सार्वजनिक किया जाए तथा नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई हो।

यदि प्रशासन समय रहते गंभीर नहीं हुआ तो भविष्य में नदी संरक्षण के लिए जनआंदोलन, भूख हड़ताल और अन्य लोकतांत्रिक विरोध के रास्ते अपनाने की नौबत आ सकती है।

चंदन नदी को बचाने की पहल कौन करेगा?

जिस नदी ने वर्षों तक प्रकृति, मानव जीवन और आसपास के गांवों को सहारा दिया और नदियां एक बार समाप्त हो जाएं तो उन्हें दोबारा पुराने स्वरूप में लौटाना आसान नहीं होता। इसलिए आज जरूरत रेत से राजस्व कमाने की नहीं, बल्कि जल और जीवन के इस प्राकृतिक खजाने को बचाने की है।

क्योंकि नदी बचेगी, तभी पानी बचेगा; पानी बचेगा, तभी गांव बचेंगे और गांव बचेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।

Next Post

5 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ के बीमा के लालच में पति को जहर देने का आरोप

Thu Nov 26 , 2026
गाजियाबाद। इंदिरापुरम में पति, बेटे और भांजे को धीमा जहर देने के आरोप में पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला पर करीब एक साल तक खाने-पीने की चीजों में जहर मिलाने का आरोप है। पति सुशील कुमार भटनागर के ब्लड टेस्ट में लेड की मात्रा ज्यादा मिलने के […]

You May Like