
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिला मुख्यालय पर दानवीर, विधिवेत्ता एवं डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के संस्थापक सर डॉ. हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय के गौर प्रांगण में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खाद्य, कुलगुरु प्रोफेसर नागेश दुबे ने विश्वविद्यालय की विगत वर्षों की उपलब्धियों एवं अकादमिक गतिविधियों की जानकारी दी।खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि मेहनत की कमाई को सार्वजनिक हित में दान कर देना डॉ. गौर के महान व्यक्तित्व का परिचायक है।
लोकसभा की सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि डॉ. गौर ने सागर में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए अपनी जीवनभर की जमापूंजी न्यौछावर कर दी। यह केवल धन का दान नहीं, यह विद्या और भविष्य का दान था। विश्वविद्यालय के रूप में बुंदेलखंड की प्रतिभाओं को नए अवसरों का द्वार खोलने का कार्य किया। डॉ. गौर हमारे विचारों और इस विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों में हमेशा अमर रहेंगे।राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संविधान गौरव दिवस की घोषणा की है। विश्वविद्यालय अपनी उपलब्धियों से भविष्य में विश्व के शीर्ष विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल होगा। हमें भावनात्मक के साथ-साथ रचनात्मक रूप से कार्य कर विश्वविद्यालय की रैंकिंग में सुधार करना है और विश्वविद्यालय की उत्पादकता बढ़ाने में अपना योगदान देना है।जीवाजी राव विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलगुरु प्रो. दिवाकर राजपूत ने कहा कि संकल्प के साथ कार्य करने पर सफलता अवश्य मिलती है।
ज्ञान तभी तक सार्थक है, जब उस ज्ञान को दान किया जाए।मंचासीन अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन किया गया। विभिन्न दानदाताओं द्वारा प्रदत्त राशियों से विभिन्न विभागों एवं कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को मंचासीन अतिथियों द्वारा पदक एवं राशि प्रदान की गई। प्रो. नागेश दुबे द्वारा लिखित बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत एवं मध्य भारती शोध पत्रिका मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के 28वें एवं 29वें अंक का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। विभिन्न विधाओं के छात्रछात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।गौर पीठ के तहत प्राप्त दान राशि से सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग श्रेणी में स्नातक प्रथम वर्ष के एक-एक मेधावी विद्यार्थी को अध्ययन जारी रखने हेतु आर्थिक सहायता के रूप में एकमुश्त राशि प्रदान की गई।
