चीन में अवैध रूप से कामगार भेजने के मामले में ‘घोषित अपराधी’ उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

नयी दिल्ली, (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने चीन में अवैध रूप से कामगार भेजने से जुड़े एक मामले में ‘घोषित अपराधी’ कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर को उत्तर प्रदेश के बड़ौत में बिनौली रोड से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई ने 07 जुलाई 2017 को एक शिकायत के आधार पर रोशन फर्नांडो, कुलदीप कपूर और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि इन लोगों ने धोखाधड़ी और बेईमानी से एक महिला को चीन में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। पीड़िता ने इन आरोपियों को किश्तों में 1 लाख रुपये का भुगतान किया था। पीड़िता को अन्य लोगों के साथ चीन भेजा गया था। वहां वह एक मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में काम कर रही थी, तभी 14 मार्च 2017 को उसे चीनी पुलिस ने पकड़ लिया। बाद में चीन में भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हस्तक्षेप से पीड़िता और अन्य लोगों को वापस स्वदेश लाया गया। चूंकि पीड़िता नेपाल की नागरिक थी, इसलिए उसे 13 अप्रैल 2017 को काठमांडू भेज दिया गया।

जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 30 सितंबर 2019 को नयी दिल्ली की एक अदालत के समक्ष रोशन फर्नांडो और कुलदीप उर्फ कुलदीप कपूर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। अदालत ने 19 जनवरी 2023 को कुलदीप को ‘घोषित अपराधी’ करार दिया था।

फरार आरोपी का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए सीबीआई ने अपने खुफिया स्रोतों का इस्तेमाल किया और एक विशेष टीम का गठन किया। पुख्ता जानकारी मिलने पर सीबीआई की टीम ने उत्तर प्रदेश के बड़ौत में इस घोषित अपराधी को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए आरोपी को अदालत में पेश किया जायेगा।

 

Next Post

जल संरक्षण और नशामुक्ति पर किया जागरूक

Thu Nov 26 , 2026
इंदौर: भेरूलाल पाटीदार शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा ग्राम चोरड़िया, पातालपानी में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर में विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है. 20 से 26 नवंबर तक चल रहे शिविर के चौथे दिन विज्ञान, साहित्य, जल संरक्षण और […]

You May Like

मनोरंजन