
सौसर, लिटिल स्टेप कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, बोरगांव लोधीखेड़ा में बुधवार को महिला सशक्तिकरण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
*साइबर ठगी से बचाव के बताए गुर*
छात्राओं को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री डागर ने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट समझाइश दी कि अपना ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार का साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
*हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग की समझाइश*
यातायात जागरूकता पर जोर देते हुए एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और यातायात के सभी नियमों का पालन करने की अपील की।
*आत्मनिर्भर बनें, छेड़छाड़ की तत्काल दें सूचना*
महिला सुरक्षा के विषय पर उन्होंने छात्राओं को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या असामाजिक गतिविधि होने पर बिना डरे तत्काल पुलिस को सूचित करें
*आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112 का उपयोग करें।*
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को सदैव जागरूक, सतर्क और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प दिलाया गया। उल्लेखनीय है कि पुलिस प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से क्षेत्र में निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं.
