भोपाल। बैरसिया के कोलूखेड़ी खुर्द गांव के ग्रामीण डूब क्षेत्र में आ रहे मकानों का मुआवजा न मिलने से दर दर भटकने को परेशान हैं। बताया जा रहा है कि तीन जिलों भोपाल, विदिशा और गुना के बीच निर्माणाधीन टेम मध्यम सिंचाई परियोजना (संजय सागर बांध परियोजना) के चलते कोलूखेड़ी खुर्द ग्राम के कई किसानों के आवास डूब क्षेत्र में आ रहे हैं, लेकिन जल संसाधन विभाग द्वारा इन किसानों के आवासों को डूब क्षेत्र में नहीं दर्शाया गया है। किसानों ने इस संबंध में एसडीएम बैरसिया और तहसीलदार को शिकायत की, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो कई किसान शिकायत लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में भोपाल कलेक्टर के पास पहुंचे थे। यहां किसानों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया, लेकिन राजस्व विभाग द्वारा किसानों की समस्या नहीं सुनी गई। इसके बाद मजीदगढ़ में किसानों की समस्याओं पर सुनवाई के लिए राजस्व विभाग द्वारा कैंप का आयोजन किया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मजबूरी में किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक बार फिर अपनी आपबीती अधिकारियों को बताई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। किसान कृपाल सिंह ने बताया कि वे लगातार अधिकारियों के पास जाकर अपनी समस्या बता रहे हैं, लेकिन समस्या की सुनवाई नहीं हो सकी है। ऐसे में अब किसानों के पास प्रदर्शन को लेकर और कोई उपाय नहीं है।
