
इंदौर । आज सुबह कांग्रेस ने फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सर्विस रोड़ से हटाए गए सब्जी विक्रेताओं की मंडी लगवा दी। सब्जी विक्रेताओं ने भी बाकायदा दुकानों पर सब्जी बेचने का काम किया। इससे बढ़कर यह है ग्राहक भी सब्जी विक्रेताओं से सब्जी खरीदते नजर आए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे एवं नेता प्रतिपक्ष सोनीला मिमरोट ने आज फूटी कोठी चौराहे पर सर्विस रोड़ से हटाए सब्जी विक्रेताओं की मंडी को फूटी कोठी ब्रिज के नीचे लगवा दिया। चौकसे और मिमरोट ने कहा कि महापौर का झूठ उजागर हो गया है और अधिकारियों की मनमानी भी नहीं चलेगी।
चौकसे ने सवाल उठाया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने घोषणा कर दी थी कि इन सब्जी विक्रेताओं को पुल के नीचे जगह दी जाएगी , तो फिर उसका क्रियान्वयन क्यों नहीं हुआ ? चौकसे ने कहा कि अधिकारियों द्वारा सब्जी विक्रेताओं हटाकर चंदन नगर में जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव कौन सी मजबूरी में चुप बैठे हुए हैं ? जवाब दे।
चौकसे ने कहा कि आज कांग्रेस ने फूटी कोठी फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे सब्जी की दुकानें लगवा दी है। साथ ही यदि सब्जी बेचने वालों पर कोई अत्याचार करने की कोशिश करेगा, तो कांग्रेस उसका जवाब देने के लिए खड़ी है। इस दौरान पार्षद राजू भदौरिया, अमित पटेल , सादिक ख़ान , अंदर अंसारी, शैलेश गर्ग, रवि कांत मिश्रा सहित ब्लॉक और वार्ड अध्यक्ष और बड़ी सब्जी बेचने वाले उपस्थित थे।
ऐसी चर्चा है कि बहुमंजिला इमारत मालिक से आंतरिक सौदा
आज फूटी कोठी चौराहे सब्जी मंडी लगाने को लेकर ऐसी चर्चा चल रही थी कि चौराहे पर बनी अग्रवाल की मल्टी में कोई आंतरिक सौदा हुआ है। फ्लैट नहीं बिकने का कारण मल्टी मालिक अग्रवाल ने सब्जी मंडी को माना है। इसके बाद मल्टी मालिक अग्रवाल की क्षेत्रीय विधायक के पुत्र से सब्जी मंडी हटाने को लेकर बात हिंद की चर्चा है।
चर्चा के दौरान यह बात सुनाई दे रही थी कि विधायक पुत्र और मल्टी मालिक अग्रवाल के बीच डुप्लेक्स फ्लैट का आंतरिक सौदा सब्जी मंडी हटाने को लेकर हुआ है। यही कारण है कि पिछले तीन दिनों से विधायक समर्थक भी मौके में बड़ी संख्या में डेरा डालकर बैठे रहते हैं।
