कलेक्टर ने छात्रावासों एवं आश्रम शालाओं का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के दिए निर्देश

सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा ने अनुसूचित जाति बालक छात्रावास क्रमांक-4, शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम शाला मड़रिया एवं आदिवासी बालक छात्रावास सीधी का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावासों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, आवासीय व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावासों के कमरों, रसोईघर, भोजन कक्ष, शौचालय एवं परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बिस्तर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवासीय सुविधाओं एवं छात्रावास में होने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। छात्रावासों में नियमित साफ-सफाई, समय पर भोजन तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। विद्यार्थियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावासों एवं आश्रम शालाओं में निवासरत विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से छात्रावासों का निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें।

.....

Next Post

सर्दियों की शुरुआत के साथ यूरोपीय गैस की कीमतों में भारी उछाल, घटते भंडार से बढ़ी चिंता

Tue Nov 24 , 2026
ब्रुसेल्स, 24 नवंबर (वार्ता) उत्तर-पश्चिमी यूरोप में लंबे समय तक शीतलहर चलने के पूर्वानुमानों के कारण सर्दियों में आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ने से सोमवार को यूरोपीय प्राकृतिक गैस की कीमतों में आठ प्रतिशत से अधिक का उछाल आया। घटते भंडारण स्तर और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की खेप में […]

You May Like