भोपाल। भोपाल मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर आईं 13 हजार 400 से ज्यादा आपत्तियों की सुनवाई जारी है… लेकिन विकास के लिए प्रस्तावित सड़क अब गांव वालों के विरोध की वजह बन गई है।
मिसरोद गांव के बीच से 45 मीटर चौड़ी सड़क निकालने के प्रस्ताव का रहवासी और किसान विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क बनने से गांव की मौजूदा आबादी, सैकड़ों मकान, कृषि भूमि और लोगों की आजीविका प्रभावित होगी।
रहवासियों का सवाल है कि विकास के नाम पर आखिर गांव का मूल स्वरूप और बरसों पुरानी सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान क्यों खत्म की जाए?
विरोध जताने के लिए गांव में पोस्टर भी लगाए गए हैं। इन पर साफ लिखा है- ‘राजनीतिक व्यक्तियों का प्रवेश निषेध है।’ यानी नाराजगी अब राजनीतिक दलों तक भी पहुंच गई है।
ग्रामीणों की मांग है कि सड़क का रास्ता आबादी के बीच से निकालने के बजाय कहीं और तय किया जाए। उनका कहना है कि जब तक इस मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, विरोध जारी रहेगा।
अब सवाल है… मास्टर प्लान में विकास की इस सड़क का रास्ता बदलेगा या मिसरोद के लोगों को अपने घर और जमीन बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा?
