दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मांझे का कहर, गला कटने से युवक की मौत, 3 महीने के मासूम ने खोया पिता

नई दिल्ली। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक युवक की जान ले ली। बारापुला से फरीदाबाद की ओर जाते समय धारदार मांझा युवक के गले में उलझ गया। इससे उसका गला बुरी तरह कट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, युवक ऑफिस से काम खत्म कर घर लौट रहा था। बारापुला से एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के करीब एक किलोमीटर बाद अचानक हवा में उड़ता मांझा उसके गले और वाहन में फंस गया। तेज रफ्तार के कारण युवक संभल नहीं पाया और उसका वाहन भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और महज तीन महीने पहले ही उसके घर बच्चे का जन्म हुआ था। पिता की अचानक मौत से मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि एक्सप्रेसवे के इस हिस्से का उद्घाटन कुछ दिन पहले ही किया गया था। इसके बावजूद हाई-स्पीड सड़क पर जानलेवा मांझे की मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित मांझे की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

.....

Next Post

पंजाब में BJP और अकाली दल ने मिलाया हाथ, अमित शाह ने किया गठबंधन का ऐलान, SAD से बनेगा मुख्यमंत्री

Tue Nov 24 , 2026
नई दिल्ली। पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नया सियासी समीकरण सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों दलों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया। इस दौरान केंद्रीय गृह […]

You May Like