ग्वालियर। स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान पाने वाले ग्वालियर में पशुपालन विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। शहर के चार शहर का नाका स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में एक्सपायर हो चुकी दवाइयों को खुले में जलाया गया। इस घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली और दवाइयों के निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक्सपायर दवाइयों को खुले में जलाने से पर्यावरण, वायु गुणवत्ता और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर नुकसानदायक असर पड़ने की आशंका है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि सरकारी पशु चिकित्सालय में अनुपयोगी और समय-सीमा समाप्त हो चुकी दवाइयों के निस्तारण की निर्धारित प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया गया।
मामले को लेकर गौरक्षा दल और गौसेवकों ने पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दवाइयां जलाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के साथ उचित कार्रवाई की मांग भी की है।
एक ओर ग्वालियर को स्वच्छता के लिए सम्मान मिला है, वहीं सरकारी चिकित्सालय परिसर में एक्सपायर दवाइयों को खुले में जलाने की घटना प्रशासनिक निगरानी और विभागीय जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रही है।
