
रीवा शहर के पुराने बस स्टैंड में लंबे समय से पसरे अतिक्रमण को लेकर अब नगर निगम का अमला हरकत में आ गया है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निरीक्षण के बाद निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह से ही अतिक्रमण प्रभारी सुखेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में निगम की टीम पुराने बस स्टैंड पहुंची और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। बताया जा रहा है कि पुराने बस स्टैंड में अव्यवस्थित तरीके से किए गए कब्जों और अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी हो रही थी। बस स्टैंड परिसर में जगह-जगह अतिक्रमण होने से यात्रियों और आम नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद नगर निगम अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद आज मंगलवार सुबह नगर निगम का अमला कार्रवाई के लिए मैदान में उतर गया। टीम ने बस स्टैंड परिसर में अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की।
