मॉस्को, 24 नवंबर (स्पूतनिक/वार्ता) विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने यूरोपीय संघ में दवा प्रतिरोधी सुपरबग के संक्रमण के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है। संगठन ने यूरोपीय संघ और यूरोपीय आर्थिक क्षेत्र (ईयू/ईईए) के देशों में इसके आगे फैलने की आशंका को उच्च स्तर का बताया है। रूसी अंतर्राष्ट्रीय समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने यह खबर दी।
नवंबर की शुरुआत में यूरोपीय रोग निवारण एवं नियंत्रण केंद्र (ईसीडीसी) के एक अध्ययन में सामने आया था कि खतरनाक जीवाणु क्लेबसिएला न्यूमोनिया यूरोप के अस्पतालों में तेजी से फैल रहा है। इसकी कुछ किस्मों में लगभग सभी एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो गई है।
डब्ल्यूएचओ ने आरआईए नोवोस्ती को बताया कि पहले से बीमार और चिकित्सा संस्थानों में उपचार करा रहे लोगों को यूरोप में फैल रहे इस उपचार-प्रतिरोधी सुपरबग से संक्रमण का सबसे अधिक खतरा है।
संगठन ने कहा, “ये प्रतिरोधी किस्में मुख्य रूप से अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों में उन मरीजों के बीच फैलती हैं, जो पहले से बीमार होते हैं।”
डब्ल्यूएचओ ने यह भी स्पष्ट किया कि क्लेबसिएला न्यूमोनिया कोई नया सूक्ष्मजीव नहीं है। संगठन ने कहा, “यह अस्पतालों में संक्रमण का एक आम कारण है। समस्या यह है कि अब इसके अधिक मामलों में संक्रमण पर उपचार का असर नहीं हो रहा है।”

