इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल-1 के कायाकल्प पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद आठ महीने बाद भी यहां एक भी फ्लाइट नहीं उतर सकी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 मार्च 2026 को इस नवीनीकृत टर्मिनल का उद्घाटन किया था, जिसके बाद जल्द ही यात्री उड़ानों के संचालन की उम्मीद थी. हालांकि, भवन और तमाम यात्री सुविधाएं पूरी तरह तैयार होने के बावजूद मामला सुरक्षा व्यवस्था के लिए जरूरी करीब 225 सीआईएसएफ जवानों और अधिकारियों की तैनाती की मंजूरी पर अटका हुआ है. संबंधित मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही टर्मिनल से नियमित उड़ानें शुरू हो सकेंगी.
एयरपोर्ट प्रबंधन से जुड़े अधिकारी रामस्वरूप यादव के अनुसार टी1 के लिए डीजीसीए, बीसीएएस और सुरक्षा संबंधी आवश्यक मंजूरियां प्राप्त की जा चुकी हैं. संयुक्त समिति ने भी भवन का निरीक्षण कर संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन का आकलन किया है. इसमें एयरपोर्ट डायरेक्टर, सीआईएसएफ कमांडेंट सहित संबंधित अधिकारी शामिल रहते हैं. इसी आकलन के आधार पर करीब 225 सीआईएसएफ जवानों और अधिकारियों की आवश्यकता का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा गया है. फिलहाल संबंधित मंत्रालय से इसकी स्वीकृति मिलना बाकी है.
स्लीपिंग जोन, रिक्लाइनर चेयर तक की सुविधा
नवीनीकृत टी 1 में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां वीआयपी और सीआयपी रूम के साथ स्लीपिंग जोन बनाया गया है. उड़ान में देरी या प्रतीक्षा के दौरान आराम के लिए करीब 30 से 40 रिक्लाइनर चेयर लगाई गई हैं. इसके अलावा आधुनिक थ्री-सीटर कुर्सियां उपलब्ध हैं, जिनमें मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करने के लिए चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं. आगमन और प्रस्थान दोनों हिस्सों में यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा गया है.
14 हजार यात्रियों तक पहुंचा था दबाव, एटीआर विमानों का होगा संचालन
इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण मौजूदा टर्मिनल पर दबाव बढ़ रहा था. यात्री आवागमन का आंकड़ा करीब 14 हजार प्रतिदिन तक पहुंच गया था. इसी को देखते हुए दोनों टर्मिनलों को संचालित करने की योजना बनाई गई है. टी1 शुरू होने के बाद करीब 72 सीटों की क्षमता वाले एटीआर विमानों के संचालन को यहां स्थानांतरित करने की योजना है. नए टर्मिनल के माध्यम से करीब 4,500 यात्रियों के आवागमन को संभालने की तैयारी है. इससे मौजूदा टर्मिनल पर दबाव कम होगा और दोनों भवनों के बीच यात्री भार का बेहतर बंटवारा हो सकेगा.
मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को मिलेगी राहत
टी1 का उपयोग वीआयपी और विशिष्ट अतिथियों के आगमन-प्रस्थान के लिए भी किया जा सकेगा. इससे वीआयपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं को अलग तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी. वर्तमान में वीआयपी मूवमेंट के समय सामान्य यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बनती है. अलग टर्मिनल उपलब्ध होने से इस परेशानी को कम किया जा सकेगा और आम यात्रियों को राहत मिलेगी.
मौजूदा टर्मिनल की क्षमता भी बढ़ाई
नए टर्मिनल के साथ मौजूदा भवन की क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया गया है. यहां सिक्योरिटी होल्ड एरिया एसएचए का विस्तार किया गया है. इससे सुरक्षा जांच के बाद यात्रियों के बैठने और प्रतीक्षा करने की क्षमता में करीब 300 यात्रियों की वृद्धि हुई है. पहले इस हिस्से की क्षमता करीब 200 यात्रियों की थी, जो अब बढ़कर लगभग 500 हो गई है.
50 करोड़ में क्या-क्या हुआ तैयार?
– बढ़ेगी क्षमताः 6,000 वर्ग मीटर में बने टी-1 के शुरू होने से एयरपोर्ट की सालाना यात्री क्षमता 40 लाख से बढ़कर 50 लाख हो जाएगी।
– आधुनिक सुविधाएंः यहां 14 चेक-इन काउंटर, 400 यात्रियों के बैठने की क्षमता और 3 एडवांस बैगेज एक्स-रे मशीनें लगाई गई हैं.
– खास जोनः यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर पहली बार ‘उड़ान यात्री कैफे’ और बच्चों के लिए ‘किड्स जोन’ बनाया गया है.
– फ्लाइट प्लानः यहां से मुख्य रूप से छोटे एटीआर विमानों का संचालन किया जाना है.
————
टी-1 अटकने से क्या हो रहा नुकसान
– टी-2 पर भारी दबावः वर्तमान में सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का बोझ अकेले टर्मिनल-2 पर है, जिससे पीक आवर्स में लंबी कतारें लगती हैं।
– अतिरिक्त उड़ानों पर ब्रेकः टर्मिनल की कमी के कारण छोटे शहरों को जोड़ने वाली नई क्षेत्रीय उड़ानें शुरू नहीं हो पा रही हैं.
– मशीनों का रखरखावः करोड़ों की लागत से लगे आधुनिक उपकरण और सुविधाएं उपयोग न होने के कारण धूल खा रही हैं.
उद्घाटन से इंतजार तक का सफर
– 2024-25ः पुराने टर्मिनल भवन के नवीनीकरण और विस्तार का कार्य शुरू हुआ.
– 29 मार्च 2026ः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने किया भव्य उद्घाटन।
– जुलाई 2026ः ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से सुरक्षा मानकों की हरी झंडी मिली.
– नवंबर 2026ः 225 सीआईएसएफ जवानों की तैनाती की फाइल मंत्रालय में लंबित, संचालन का इंतजार जारी.
