
शुजालपुर, दीपोत्सव कार्यक्रम से घर लौटने के बाद दोस्त को ट्रेन में बैठाने स्टेशन पहुंचे 11वीं के छात्र की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. हादसा शुक्रवार रात करीब 9.50 बजे रेलवे स्टेशन शुजालपुर के प्लेटफ ार्म नंबर-2 पर हुआ. जानकारी के अनुसार विनायक दीप्ति कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 11वीं का विद्यार्थी था. शुक्रवार रात शासकीय कॉलेज मैदान में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर वह घर पहुंचा था. इसके बाद बचपन के दोस्त तन्मय परमार को भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठाने की बात कहकर स्टेशन चला गया. दोनों रात करीब 9.30 बजे प्लेटफ ार्म नंबर-2 पर पहुंचे. इसी दौरान विनायक वहां खड़ी मालगाड़ी के वैगन की सीढिय़ों पर चढऩे लगा. चप्पल पहने होने के दौरान वह ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया. तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं और वह नीचे गिर पड़ा. मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर मिलते ही परिजन स्टेशन पहुंचे.
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. घटना के समय साथ मौजूद दोस्त तन्मय भी सदमे में है. सूचना पर मक्सी रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस हादसे की जांच कर रही है. विनायक मूल रूप से मदाना गांव का निवासी था. उसके पिता खामखेड़ा के शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं. परिवार वर्तमान में दीपछाया कॉलोनी के समीप तुलसी नगर शुजालपुर में रह रहा है. तीन बेटियों के बीच इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
