
इंदौर. सोशल मीडिया पर रील और लाइक्स के लिए सड़क पर खतरनाक बाइक स्टंट करना पांच युवकों को भारी पड़ गया. पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वायरल रील के आधार पर युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है. आरोपी बंगाली चौराहे पर बाइक से स्टंट कर रहे थे. मामले में खजराना थाने में केस दर्ज किया है.
पुलिस को सोशल मीडिया पर ‘माफिया इंदौर’ नाम से एक रील मिली थी. वीडियो की जांच में बंगाली चौराहे पर पांच-छह युवक बाइक से खतरनाक स्टंट करते नजर आए. युवक सड़क पर खुद के साथ ही दूसरे वाहन चालकों की जान भी जोखिम में डाल रहे थे. रील के आधार पर पुलिस ने असद, याहिया, सरफराज और कुणाल सहित पांच युवकों की पहचान की. सभी को हिरासत में लेकर खजराना थाने में केस दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि वायरल रील के आधार पर स्टंट करने वाले युवकों की पहचान की गई है. सड़क पर खुद और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी.
