मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अमरोहा गेट स्थित पनीर-खोया मंडी के बाहर टीम ने एक ईको गाड़ी से करीब 350 किलो नकली पनीर बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक, पनीर को मंडी में सप्लाई करने के लिए लाया गया था। कार्रवाई के दौरान गाड़ी का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सहायक खाद्य आयुक्त राजवंश श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में विभाग ने पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। वहीं, बरामद पनीर को नष्ट कराने की तैयारी की जा रही है।
अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पनीर कहां तैयार किया गया था और इसकी सप्लाई किन कारोबारियों को होनी थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद पनीर की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।
