जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत आयशानगर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक ब्यूटी पार्लर में घुसकर संचालिका पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयशानगर स्थित ब्लेसिंग स्कूल के पास रहने वाली जैनब जाफरी इलाके में ही ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं।
शाम करीब 7:30 बजे जब वह अपने पार्लर में मौजूद थीं, तभी एक मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एन पी 2064 पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और जबरन दुकान के अंदर घुस गए। युवकों ने खुद को दुकान मालिक द्वारा भेजा हुआ बताया और जैनब के साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब जैनब ने विरोध किया, तो तीनों बदमाश मारपीट पर उतारू हो गए। इसी बीच एक युवक ने चाकू निकालकर वार कर दिया, जिससे जैनब को चोट लग गई। हंगामा और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे। लोगों को आता देख तीनों आरोपी यह धमकी देते हुए फरार हो गए कि यदि दुकान जल्द खाली नहीं की, तो वे उन्हें जान से खत्म कर देंगे।
