अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने रुख को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका का मकसद ईरान में सत्ता परिवर्तन कराना नहीं है। वह ईरान के साथ ऐसा स्थायी समझौता करना चाहते हैं, जिससे भविष्य में दोनों देशों के बीच तनाव और टकराव की स्थिति पैदा न हो। ट्रंप ने यह बात संघर्ष खत्म करने की अमेरिकी रणनीति को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कही।
ट्रंप के मुताबिक, ईरान में सत्ता बदलने को लेकर उनकी कभी खास दिलचस्पी नहीं रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल अमेरिका ऐसे लोगों के साथ बातचीत कर रहा है, जिनसे निपटना आसान नहीं है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अमेरिका का नेतृत्व ईरान के साथ स्थायी समझौते की दिशा में काम करेगा।
ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि भले ही वह ईरान में सत्ता परिवर्तन नहीं चाहते, लेकिन परमाणु हथियार के मुद्दे पर उनका रुख सख्त है। ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका किसी भी परिस्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देगा।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के भीतर भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले व्हाइट हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ट्रंप के दावों का पूरी तरह समर्थन करने से परहेज किया था।
जेडी वेंस के बयान से नाराज नहीं हैं ट्रंप
ट्रंप से जब जेडी वेंस के उस बयान पर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के प्रदर्शन पर ईरान युद्ध के असर की बात कही थी, तो राष्ट्रपति ने नाराजगी से इनकार किया।
हालांकि, ट्रंप ने यह भी साफ किया कि अगर उनसे पूछा जाता कि क्या वह ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य कार्रवाई करने का फैसला लेते, तो उनका जवाब हां होता। उन्होंने इसके पीछे ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने की दलील दी।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पहले भी उठे सवाल
ट्रंप बीते नौ महीनों से लगातार दावा करते रहे हैं कि ईरान परमाणु हथियार बनाने के बेहद करीब पहुंच गया था। उनका कहना है कि इसी खतरे के कारण अमेरिका को संघर्ष में शामिल होना पड़ा।
हालांकि, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के पुराने आकलन में इससे अलग तस्वीर सामने आई थी। मार्च 2025 में तत्कालीन राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने कांग्रेस को बताया था कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के मुताबिक ईरान उस समय परमाणु हथियार नहीं बना रहा था। उन्होंने यह भी कहा था कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने 2003 में रोके गए परमाणु हथियार कार्यक्रम को दोबारा शुरू करने की मंजूरी नहीं दी थी।
इस तरह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर ट्रंप के दावों और अमेरिकी खुफिया आकलन के बीच अंतर दिखाई देता है।
