अकवान तूफान के असर से जिले में बदला मौसम,मौसम खुलते ही बढ़ेगी ठंड


सतना । बंगाल की खाड़ी में उठे अकवान तूफान के प्रभाव से विंध्य के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर बाद जिले के कई हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई।

शनिवार को सुबह से ही सतना जिले में हल्के बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज हवाएं भी चलती रहीं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाओं के कारण वातावरण में बदलाव आया है। हालांकि, तूफान का रास्ता बदलने से इसका असर सीमित रहने की संभावना जताई गई है। रविवार को कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।

बारिश थमने के बाद कड़ाके की ठंड के आसार

मौसम के इस बदलाव के बीच लोगों को दिन में उमस और बादलों की छांव का सामना करना पड़ा। आने वाले दिनों में जैसे ही बादल छटेंगे और मौसम खुलेगा, वैसे ही तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगेगा। जिससे किसानों को फसल में फायदा मिलेगा।

बारिश से प्रदूषण में राहत की उम्मीद

पिछले करीब 10 दिनों से शहर में एयर क्वालिटी इंडेक्स रेड अलर्ट की स्थिति में बना हुआ था। इस दौरान हवा में धूल और प्रदूषण के कणों की मात्रा बढ़ने से लोगों को खराब वायु गुणवत्ता और सांस संबंधी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, मौसम में आए बदलाव और बारिश के चलते हवा में घुले धूल-कणों के बैठने व साफ होने की संभावना है, जिससे वायुमंडल में प्रदूषण के स्तर में कमी आ सकती है। बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार होने और शहरवासियों को प्रदूषित हवा से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Next Post

इंडियन गोल्फ यूनियन अंतरराष्ट्रीय हैंडीकैपिंग एवं कोर्स कैलिब्रेशन सेमिनार का आयोजन करेगा

Sun Nov 22 , 2026
मुंबई, (वार्ता) भारत में गोल्फ के वातावरण और तकनीकी विशेषज्ञता को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए, इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू), जिसे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा गोल्फ के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघ के रूप में मान्यता प्राप्त है, 22 से 24 नवंबर, 2026 […]

You May Like