लेफ्ट टर्न निर्माण में बाधा का निराकरण समन्वय के साथ करें
सांसद लालवानी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
इंदौर: इंदौर शहर में यातायात को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यातायात सुधार की मुहिम लगातार जारी है. इसी अभियान को गति देने के लिए आज सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक रेसीडेंसी कोठी में सम्पन्न हुई. बैठक में विधायक मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, डीसीपी ट्रैफिक अरविंद तिवारी, स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.पी. अहिरवार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और यातायात विशेषज्ञ मौजूद थे.
बैठक में सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि हमें ऐसा सुगम यातायात बनाने की आवश्यकता है जो आगामी 50 वर्षों तक कायम रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सुनियोजित यातायात के लिए अभी से प्रयास करने होंगे। शहर में अच्छे लेफ्ट टर्न बने, सुव्यवस्थित ट्राफिक सिग्नल के साथ कैमरे लगे हो. यातायात के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए. यातायात विभाग समय-समय पर स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलायें, ताकि बच्चे से लेकर युवा भी यातायात के नियमों का ठीक प्रकार से पालन करें. श्री लालवानी ने आईडीए सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और यातायात विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर बताये कि शहर में कितने लेफ्ट टर्न, डिवाइडर, ट्राफिक सिग्नल आदि बनना है, उसकी रिपोर्ट दें. लेफ्ट टर्न निर्माण में यदि कोई तकनीकी या अतिक्रमण संबंधी बाधा आ रही है, तो उसका निराकरण संबंधित विभागों के साथ समन्वय के साथ करें. अरविन्दो चौराहे से उज्जैन की ओर जाने वाले मार्ग पर बार-बार लगने वाले ट्राफिक जाम का निराकरण किया जाए.
बसों से हो रहा यातायात बाधित
विधायक मधु वर्मा ने कहा कि राजीव गाँधी चौराहा और राजेन्द्र नगर चौराहे पर बसों के खड़े रहने से अन्य वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है, उसका निराकरण किया जाए. पालदा से आरटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर निजी बसों की अवैध पार्किंग से बार-बार यातायात बाधित होता है. मांगलिया टोल नाके पर अवैध अतिक्रमण से अन्य वाहन चालक परेशान होते है.
मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की योजना
बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि एबी रोड़ पर फ्लाईओव्हर बनना है. एलआईजी चौराहा से नवलखा तक की रोड़ को 30 मीटर से बढ़ाकर लगभग दोगुनी करना है. इसी तरह एलआईजी से देवास की ओर जाने वाले मार्ग की भी चौड़ाई बढ़ाई जाना है, इसके लिए योजना बनाई जा रही है
