
चुरहट (सीधी)। देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के पावन पर्व पर चुरहट नगर परिषद के पुराना बस स्टैण्ड बाजार में हजारों की संख्या में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजार में त्योहारी रौनक देखने को मिली। व्रत और पूजन सामग्री के साथ ही शकरकंद, सिंघाड़ा, गन्ना और फल-फूल की बंपर बिक्री से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। हालांकि बाजार की इस रौनक पर अतिक्रमण, अवैध वसूली और घंटों लगे ट्रैफिक जाम ने पानी फेर दिया।
पुराना बस स्टैण्ड से लेकर मुख्य मार्ग तक दुकानों के बाहर फैले अतिक्रमण के कारण सडक़ें संकरी हो गई हैं। पर्व पर भीड़ बढ़ते ही मेन रोड पर घंटों जाम लगा रहा जिसमें बसें, ऑटो, दोपहिया वाहन और पैदल राहगीर फंसे रहे। जाम इतना भीषण था कि मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस को भी रास्ता निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या किसी एक दिन की नहीं बल्कि रोज की बन चुकी है। बाजार में अव्यवस्था के पीछे अवैध वसूली का बड़ा खेल सामने आया है। चर्चा है कि कई रसूखदार दुकानदार अपनी दुकानों के सामने की सरकारी जमीन और नगर परिषद द्वारा निर्मित नाली-नालों पर ठेले व गुमटियां लगवाकर छोटे व्यापारियों से 100 से 200 रुपये प्रतिदिन तक अवैध किराया वसूल रहे हैं। नालों के ढक जाने से पानी की निकासी रुक गई है और गंदा पानी सडक़ों पर बह रहा है। वहीं मुख्य मार्ग को ही पार्किंग स्थल बना दिए जाने से हालात और बिगड़ गए हैं लेकिन नगर परिषद प्रशासन मौन साधे बैठा है।
नागरिकों की मांग
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग और नालों से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए, सरकारी जमीन पर अवैध वसूली करने वालों की जांच कर कार्रवाई हो और बाजार में सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
इनका कहना है
उपखंड अधिकारी व पुलिस विभाग के साथ बैठक कर बहुत जल्द नगर में अतिक्रमण हटाने और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विजय सिंह, प्रभारी सीएमओ नप चुरहट
प्रशासन की लापरवाही के कारण बाजार में आए दिन अतिक्रमण और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। इस संबंध में मैंने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत भी कराया है।
रतीभान पटेल, विधायक प्रतिनिधि चुरहट
नगर पंचायत परिषद व पुलिस विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के लिए कड़ाई से कार्रवाई करनी चाहिए। इस संबंध में मैं प्रशासन को पत्राचार भी करूंगा।
उमेश गुप्ता, पार्षद एवं अध्यक्ष, व्यापारी संघ चुरहट
