
पन्ना, पन्ना टाइगर रिजर्व में शनिवार को उस वक्त उत्सव का माहौल देखने को मिला, जब रिजर्व के इतिहास में पहली बार जन्मी जुड़वा हाथी शावकों ‘रोहिणी’ और ‘केतकी’ का पहला जन्मदिन हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। हिनौता हाथी कैंप में आयोजित इस विशेष समारोह में वरिष्ठ वन अधिकारियों, जिला प्रशासन के आला अफसरों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शिरकत कर दोनों नन्ही हथिनियों को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विशेष रूप से तैयार किया गया केक काटा, जिसके बाद 57 वर्षीय माँ अनारकली और उसकी दोनों बेटियों को केला, सेब, लड्डू और गुड़ के विशेष व्यंजनों का भोज कराया गया। इस दौरान हथिनी अनारकली ने भी अपनी सूँड़ उठाकर अतिथियों का आत्मीय अभिवादन किया। गौरतलब है कि एक वर्ष पूर्व 21 नवंबर 2025 को हथिनी अनारकली ने हिनौता परिक्षेत्र में महज साढ़े तीन घंटे के अंतराल में दो मादा शावकों को जन्म देकर इतिहास रचा था, जिसमें पहली बच्ची का जन्म दोपहर 2.20 बजे खैरिया स्थल पर और दूसरी का शाम 5.50 बजे हिनौता हाथी कैंप में हुआ था। हाथी विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय संस्था सेव द एलिफेंट्स के अनुसार हाथियों में जुड़वा बच्चों का जन्म एक अत्यंत दुर्लभ घटना है, जिसका अनुपात एक प्रतिशत से भी कम होता है। चूँकि हाथियों का गर्भकाल 18 से 22 माह का होता है और हथिनी में केवल दो दुग्ध-ग्रंथियाँ होने के कारण जुड़वा शावकों को पर्याप्त पोषण मिलना कठिन होता है, इसलिए जंगल में इनके जीवित रहने की संभावना बेहद कम रहती है। देश में कर्नाटक के बांदीपुर जैसे चुनिंदा स्थानों पर ही ऐसे मामले सामने आए हैं, ऐसे में पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारियों, महावतों और प्रबंधन दल की सतत निगरानी और देखभाल के चलते दोनों शावकों का स्वस्थ रूप से एक वर्ष पूरा करना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। वर्ष 1986 में सोनपुर मेले से पन्ना लाई गई हथिनी अनारकली पिछले चार दशकों से बाघ निगरानी, गश्ती और रेस्क्यू कार्यों में अहम भूमिका निभा रही है और यह उसका छठा प्रसव था। इन जुड़वा बेटियों के आगमन से रिजर्व के हाथी दल का कुनबा बढ़कर 21 हो गया है। इस गरिमामय अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एल. कृष्णमूर्ति, क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ, उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल सहित ग्राम पंचायत हिनौता के सरपंच व ईको विकास समिति के अध्यक्ष ने हाथियों की उत्कृष्ट देखभाल के लिए महावत दल की सराहना की।
