
ग्वालियर। पल्स पोलियो अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय थाटीपुर से प्रचार रथ रवाना किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम एस सागर ने बताया कि ग्वालियर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर से 24 नवंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जिले में 0 से 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। जिले में 2,355 पोलियो बूथ बनायें गये हैं एवं 3,30401 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। डॉ सागर ने बताया कि पल्स पोलियो के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु आज शनिवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ पल्स पोलियो की रैली निकाली गई। प्रचार रथ को जिला स्वास्थ्य
अधिकारी डॉ पवन जैन, जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ मनोज कौरव, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ राम कुमार गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला एपिडेमोलाजिसट डॉ महेन्द्र पिपरोलिया, जिला मीडिया अधिकारी आई पी निवारिया , जिला कार्यक्रम प्रबंधक विजय भार्गव, जिला आईईसी सलाहकार शिखा सहाय, अर्बन एम एंड ई आलोक पाण्डे एवं अन्य कार्यलय के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ सागर ने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थाओं में पल्स पोलियो बूथ का उदघाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जिले के 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को 22 नवंबर को अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जा कर पोलियो की दवा अवश्य पिलवायें।
